बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम रेलहा में एक पति ने अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों के शक में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय महिला अपने पति और चार बच्चों के साथ रहती है। मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। महिला और उसका पति घर की परछी में सो रहे थे, जबकि बच्चे अंदर कमरे में थे। आरोप है कि रात करीब 2.30 बजे पति उठा और सबसे पहले बच्चों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि वे बाहर न निकल सकें। इसके बाद उसने सो रही पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
आग की लपटों में घिरी महिला ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और घायल महिला को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में हालत गंभीर होने पर परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए।
पुलिस ने अस्पताल में महिला का बयान दर्ज किया है। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी को करीब 30 वर्ष हो चुके हैं और उनके तीन बेटियां तथा एक बेटा है। महिला के अनुसार उसका पति लंबे समय से उसके चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर अक्सर विवाद व मारपीट करता था।
पचपेड़ी थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार शाम उसके बलौदाबाजार क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी की तलाश कर रही है।
