Ben Stokes Nightclub Controversy: लंदन के नाइटक्लब में आखिर क्या हुआ था? बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन पर लटकी तलवार, छिन सकती है कप्तानी

Ben Stokes Nightclub Controversy

Ben Stokes Nightclub Controversy:इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन के कारण एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में इंग्लैंड की शानदार जीत के बाद इन दोनों खिलाड़ियों ने टीम के ‘नाइट कर्फ्यू’ (रात में होटल से बाहर न जाने का नियम) का उल्लंघन किया और लंदन के एक नाइटक्लब पहुंच गए। इस नाइटक्लब में कुछ ऐसा हुआ जिसने इंग्लैंड क्रिकेट में भूचाल ला दिया है और अब स्टोक्स की कप्तानी पर ही बन आई है।

आखिर नाइटक्लब में हुआ क्या था? इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने अपने आधिकारिक बयान में सिर्फ ‘एक घटना’ का जिक्र किया है, लेकिन ब्रिटेन के अखबार टेलिग्राफ की रिपोर्ट में इस पूरी घटना का विस्तार से ब्यौरा सामने आया है।

  • रग्बी खिलाड़ी से विवाद: रिपोर्ट के मुताबिक, बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन का लंदन के नाइटक्लब में सारासेन (Saracens) रग्बी क्लब के एक खिलाड़ी के साथ विवाद हो गया था।
  • सिक्योरिटी गार्ड को लगा घूंसा: विवाद इतना बढ़ गया कि रग्बी खिलाड़ी ने कथित तौर पर एटकिंसन को घूंसा मारने की कोशिश की, लेकिन वह घूंसा खिलाड़ियों के साथ मौजूद ईसीबी के सिक्योरिटी गार्ड को लग गया। इस हमले में गार्ड गंभीर रूप से चोटिल हो गया और उसे टांके लगाने पड़े।
  • खिलाड़ियों की भूमिका: ईसीबी से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि नाइटक्लब में बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन ‘आक्रामक’ नहीं थे और उन्होंने कोई हमला नहीं किया। दोनों खिलाड़ियों को कोई शारीरिक चोट नहीं आई है।

ECB की जांच और दूसरे टेस्ट पर सस्पेंस ईसीबी ने पहले टेस्ट के खत्म होने के बाद सोमवार तड़के नाइटक्लब में हुई इस घटना और टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन की सख्त जांच शुरू कर दी है। इस जांच के कारण 17 जून से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड के स्क्वाड के ऐलान में देरी हो रही है। बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन के दूसरे टेस्ट में खेलने पर गहरा सस्पेंस बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि बेन स्टोक्स से टेस्ट टीम की कप्तानी भी छीनी जा सकती है।

विवादों से रहा है बेन स्टोक्स का पुराना नाता यह पहली बार नहीं है जब बेन स्टोक्स इस तरह के नाइटक्लब विवाद में फंसे हैं। इससे पहले साल 2017 में भी वह देर रात ब्रिस्टल में एक नाइटक्लब के बाहर कथित तौर पर मारपीट के मामले में फंसे थे। उस घटना के बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था और इंग्लैंड की उपकप्तानी से हाथ धोना पड़ा था। इतना ही नहीं, ईसीबी ने पुलिस जांच पूरी होने तक उन्हें सस्पेंड कर दिया था, जिस कारण वह 2017-18 की एशेज सीरीज नहीं खेल पाए थे। एक बार फिर नाइटक्लब के चक्कर में स्टोक्स का करियर दांव पर लग गया है।