आगरा। ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था में शनिवार शाम बड़ी चूक सामने आई। अमर विलास बैरियर से तेज रफ्तार में घुसी ईको कार ताजमहल के पूर्वी गेट तक पहुंच गई। कार में सवार तीन युवकों की इस हरकत से वहां मौजूद पर्यटकों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने पीछा कर दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि एक फरार हो गया। मेडिकल जांच में दोनों के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
घटना शाम करीब 7 बजे की है। उस समय ताजमहल से पर्यटक बाहर निकल रहे थे। पुलिस ने कार को सीज कर दिया है। पकड़े गए युवकों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की जा रही है।
पहले रोका, फिर 15 मिनट बाद तेज रफ्तार में घुसे
पुलिस के मुताबिक, ईको कार सवार तीन युवक पहले अमर विलास बैरियर पर पहुंचे थे। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर वापस भेज दिया। करीब 15 मिनट बाद तीनों दोबारा कार लेकर पहुंचे और तेज रफ्तार में ताजमहल की ओर बढ़ गए।
कार को अंदर जाते देख पुलिसकर्मी पीछे दौड़े। एक दरोगा ने बाइक से पीछा किया। कार और पुलिस को तेजी से आते देख वहां मौजूद पर्यटक घबरा गए।
पूर्वी गेट पर पकड़े गए दो युवक
तीनों कार लेकर ताजमहल के पूर्वी गेट तक पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह कार रुकवाई। इस दौरान एक युवक भाग निकला, जबकि दो को पकड़ लिया गया। उन्हें मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि पकड़े गए युवकों की पहचान फतेहाबाद निवासी अमित उपाध्याय और धौलपुर निवासी अंकित कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की जाएगी। उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
सुरक्षा घेरे में कार पहुंचने पर सवाल
ताजमहल के यलो जोन में बैरियर और सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद कार का पूर्वी गेट तक पहुंचना गंभीर सवाल खड़े करता है। पहले रोके जाने के बाद युवक दोबारा बैरियर पार कर अंदर कैसे पहुंचे, इसकी जांच जरूरी है। घटना ने सुरक्षा घेरे में निगरानी और पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
