Chhattisgarh Board Result 2026:छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए लाखों छात्रों का लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है। राज्य के शिक्षा विभाग ने नतीजों की घोषणा को लेकर आधिकारिक समय और तारीख का ऐलान कर दिया है। छत्तीसगढ़ बोर्ड कक्षा 10वीं (हाई स्कूल) और 12वीं (हायर सेकेंडरी) के परिणाम कल जारी किए जाएंगे। इस खबर के आते ही छात्रों और अभिभावकों के बीच खुशी और थोड़ी बेचैनी का माहौल है।
29 अप्रैल को दोपहर 02:30 बजे आएगा रिजल्ट
राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने परीक्षा परिणामों की आधिकारिक जानकारी साझा की है।
- उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम बुधवार, 29 अप्रैल 2026 को औपचारिक रूप से घोषित किए जाएंगे।
- छात्रों के नतीजे कल दोपहर 02:30 बजे जारी किए जाएंगे।
- रिजल्ट जारी होने के बाद सभी परीक्षार्थी छत्तीसगढ़ बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रोल नंबर दर्ज करके अपना मार्कशीट चेक कर सकेंगे।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने छात्रों का बढ़ाया हौसला
रिजल्ट की घोषणा से एक दिन पहले, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सभी परीक्षार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें धैर्य बनाए रखने की सलाह दी।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि प्रत्येक परिणाम एक नई शुरुआत का संकेत होता है, और हर विद्यार्थी में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं छिपी होती हैं।
उन्होंने कहा, “यह परीक्षा परिणाम केवल अंकों की घोषणा नहीं है, बल्कि यह छात्रों के वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और उनके अभिभावकों व शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का प्रतिफल है।”
मंत्री ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे परिणाम को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार करें और भविष्य की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।
