आशुतोष रांका और सौरव दास की न्यायिक हिरासत 2 दिन बढ़ने पर CJP प्रमुख ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

अभिजीत दिपके बोले- युवाओं को इतना मत डराओ कि डर ही खत्म हो जाए, अब चुप नहीं बैठेंगे

दिल्ली। आशुतोष रांका और सौरव दास की न्यायिक हिरासत दो दिन बढ़ाए जाने के बाद CJP प्रमुख अभिजीत दिपके ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। वीडियो जारी कर दिपके ने कहा कि सरकार युवाओं को डराने और तोड़ने की कोशिश कर रही है, लेकिन देश का युवा अब चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने दोनों की हिरासत बढ़ने को लेकर सुनवाई टाले जाने पर भी सवाल उठाए।

दिपके के मुताबिक, सौरव दास और आशुतोष रांका जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराने गए थे। इसके बाद उन्हें पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों की सुनवाई लगातार टाली जाती रही और हर दिन किसी न किसी बहाने से मामला आगे बढ़ाया गया।

‘हिरासत बढ़ने पर भी नहीं डरे’

CJP प्रमुख ने कहा कि असली ताकत मुश्किल हालात में भी हौसला बनाए रखने में है। उन्होंने सौरव दास का जिक्र करते हुए कहा कि पांच दिन हिरासत में रहने के बाद भी वह मुस्कुराते हुए कोर्ट पहुंचे। न्यायिक हिरासत बढ़ने की जानकारी मिलने पर भी उनके चेहरे पर डर नहीं था।

दिपके ने कहा कि असली ताकत तब दिखाई देती है, जब कोई अपने से बड़ी ताकत के खिलाफ खड़ा होता है और इसके बावजूद पीछे हटने को तैयार नहीं होता। उनके मुताबिक, आशुतोष रांका और सौरव दास में यही हिम्मत है।

‘अब युवाओं के अंदर का डर खत्म हो गया’

दिपके ने आरोप लगाया कि सरकार ने विपक्ष को खत्म करने की कोशिश की है और अब युवाओं को डराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके, आशुतोष, सौरव और प्रदर्शनकारियों के पीछे पूरी ताकत लगा दी जाए, तब भी वे चुप नहीं बैठेंगे।

उन्होंने फिल्म ‘मैरी कॉम’ के एक संवाद का हवाला देते हुए कहा कि किसी को इतना भी नहीं डराना चाहिए कि उसके मन से डर ही खत्म हो जाए। दिपके ने कहा कि देश के युवाओं को इतना डराया गया है कि अब वे डरने वाले नहीं हैं।