बिलासपुर और राजनांदगांव में भी कार्रवाई, CGMSC और कोल मामले से जुड़े ठिकानों पर दस्तावेज खंगाल रही जांच एजेंसी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कई ठिकानों पर दबिश दी। राजधानी रायपुर में अनवर ढेबर के घर भी टीम पहुंची।
वहीं, VIP स्टेट में रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के आवास पर भी छापा मारा गया। रायपुर में तीन से चार स्थानों पर कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा बिलासपुर और राजनांदगांव समेत कई जिलों में भी टीमें जांच कर रही हैं।
VIP स्टेट में सुदर्शन शर्मा के घर छापा
रायपुर के VIP स्टेट स्थित सुदर्शन शर्मा के घर EOW की टीम पहुंची। उनका कारोबार रियल एस्टेट से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई शराब घोटाला मामले में की गई है। टीम घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान क्या मिला, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
अनवर ढेबर के घर भी पहुंची टीम
राजधानी में अनवर ढेबर के घर भी EOW की दबिश की जानकारी है। इसके अलावा रायपुर के अन्य ठिकानों पर भी जांच जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग मामलों को लेकर जांच एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं।
बिलासपुर-राजनांदगांव में भी जांच
रायपुर के अलावा बिलासपुर और राजनांदगांव समेत कई जिलों में CGMSC और कोल मामले से जुड़े ठिकानों पर EOW की टीमें पहुंची हैं। यहां दस्तावेजों की जांच और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल कार्रवाई के संबंध में एजेंसियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। छापों का पूरा दायरा और जांच में सामने आए तथ्यों का खुलासा आधिकारिक बयान के बाद ही हो सकेगा।
