दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और एआईसीसी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल मंगलवार को दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, सुबह 11 बजे के बाद होने वाली इस बैठक में संगठनात्मक बदलाव, मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ विभिन्न राज्यों की राजनीतिक स्थिति की समीक्षा भी एजेंडे में शामिल है। माना जा रहा है कि लंबे समय से लंबित कर्नाटक मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल पर भी विचार-विमर्श होगा।
हालांकि सूत्रों का कहना है कि कैबिनेट विस्तार को लेकर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व और राज्य सरकार उचित समय पर ही करेगी।
बैठक में पंजाब कांग्रेस की स्थिति भी प्रमुख मुद्दा रह सकती है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य में संगठन को मजबूत करने और नेतृत्व से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
हाल के दिनों में पंजाब कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक फैसलों को लेकर असंतोष की खबरें सामने आई हैं, ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व राज्य इकाई से जुड़े मुद्दों पर भी मंथन कर सकता है।
इसके अलावा आगामी चुनावों की तैयारियों, राज्यों में संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और विपक्ष की भूमिका को लेकर भी रणनीति बनाई जा सकती है। पार्टी नेतृत्व विभिन्न राज्यों के राजनीतिक हालात का आकलन कर भविष्य की कार्ययोजना तय करने पर भी जोर देगा।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, यह बैठक कांग्रेस के लिए अहम मानी जा रही है क्योंकि आने वाले महीनों में कई राज्यों में संगठनात्मक बदलाव और चुनावी तैयारियों को गति देने की जरूरत है।
ऐसे में दिल्ली में होने वाली यह बैठक पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
