मुंबई। रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ का भक्ति गीत हनुमान चालीसा दर्शकों के बीच चर्चा में है। मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने इसे अपनी आवाज दी है। अब दिलजीत ने इस भजन को गाने का अनुभव साझा किया है।
उन्होंने कहा कि यह मौका उनके लिए किसी बड़े सम्मान से कम नहीं था। साथ ही उन्होंने हनुमान चालीसा के किसी शब्द के उच्चारण में गलती होने पर दिल से माफी भी मांगी है।
खुद को इस मौके के योग्य नहीं मानते थे
सिर्फ पंजाबियत के साथ बातचीत में दिलजीत ने बताया कि हनुमान चालीसा गाने की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए बहुत बड़ी बात थी। वह खुद को इस मौके के योग्य नहीं मानते थे, लेकिन जब उन्हें यह अवसर मिला तो उन्होंने पूरी श्रद्धा और ईमानदारी से इसे निभाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि अपनी तरफ से भजन में कोई कमी नहीं छोड़ी।
दिलजीत ने यह भी कहा कि अगर गाते समय किसी शब्द के उच्चारण में उनसे चूक हुई हो तो वे इसके लिए माफी मांगते हैं। उनका इरादा पूरी तरह से श्रद्धा के साथ हनुमान चालीसा गाने का था।
पांच गायकों ने दी आवाज
फिल्म की हनुमान चालीसा में दिलजीत के साथ सुखविंदर सिंह, मोहित चौहान, शंकर महादेवन और कैलाश खेर ने भी अपनी आवाज दी है। इस भक्ति गीत को एआर रहमान ने कंपोज किया है। 5 नवंबर को फिल्म के साथ इसका वीडियो भी जारी किया गया।
हनुमान के रूप में दिखे सनी देओल
वीडियो में सनी देओल की झलक भी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। शुरुआत में भगवान हनुमान की विशाल परछाई दिखाई देती है। इसके बाद उन्हें बड़ी छलांग लगाते हुए दिखाया गया है। हालांकि, वीडियो में उनका चेहरा साफ नजर नहीं आता। उनकी दमदार मौजूदगी ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
