राजधानी में मोबाइल दुकान में आग, 4 मंजिला इमारत चपेट में आई

22 दमकल गाड़ियों ने कई घंटे में पाया काबू; बैटरियों के ओवरहीट होने से आग लगने की आशंका, कोई जनहानि नहीं

दिल्ली। दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में शुक्रवार तड़के मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चार मंजिला इमारत इसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है, हालांकि दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।

पुलिस के मुताबिक, आग रात करीब 1:28 बजे पुरी प्लाजा की ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दुकान नंबर 13/21 में लगी थी। दुकान में मोबाइल बैटरियां और एक्सेसरीज रखी हुई थीं। शुरुआती जांच में बैटरियों के ओवरहीट होने या ओवरचार्जिंग के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग ने देखते ही देखते आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सुबह तक इमारत से धुआं निकलता रहा।

FSL और इलेक्ट्रिकल टीम करेगी जांच

आग लगने की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए दमकल विभाग, इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम जांच करेगी। इसके अलावा नगर निगम (MCD) से इमारत की संरचनात्मक सुरक्षा की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शाहदरा में भी आग लगने की घटना

इसी बीच दिल्ली के शाहदरा जिले के शांति मोहल्ला की गली नंबर-6 में भी शुक्रवार को आग लगने की सूचना मिली। फिलहाल इस घटना में आग लगने के कारण और नुकसान का आकलन सामने नहीं आया है। प्रशासन मामले की जानकारी जुटा रहा है।