दादर में शिवसेना भवन के सामने स्थित इमारत में घटना; दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, किसी के हताहत होने की खबर नहीं
मुंबई। मुंबई के दादर इलाके में सोमवार सुबह 50 मंजिला कोहिनूर स्क्वायर बिल्डिंग में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इमारत में बने एक होटल की पहली मंजिल पर स्थित किचन में लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियों समेत अन्य अग्निशमन वाहनों को मौके पर भेजा गया। राहत की बात है कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
कोहिनूर स्क्वायर बिल्डिंग शिवसेना भवन के सामने स्थित है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग होटल की किचन तक सीमित थी। सोमवार सुबह करीब 9:18 बजे दमकल विभाग को आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की।
कई विभागों की टीमें मौके पर तैनात
घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग के साथ पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST), लोक निर्माण विभाग (PWD), स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस सेवा और स्थानीय वार्ड के कर्मचारियों को भी तैनात किया गया। इन टीमों ने राहत और बचाव से जुड़ी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती जानकारी में आग पहली मंजिल पर होटल की किचन तक सीमित रहने की बात सामने आई है। दमकल विभाग की टीमें मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रहीं। घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
