रिहायशी इलाके में 8.56 लाख के पटाखे जब्त, 52 वर्षीय कारोबारी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की है। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के एक खाली मकान में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 176 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं। इनकी कीमत 8 लाख 56 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने मामले में नैला निवासी 52 वर्षीय दीपक कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैजलपुर में महामाया क्रेशर के खाली मकान में रिहायशी इलाके के भीतर पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है। यहां से पटाखों की बिक्री किए जाने की भी सूचना थी। इसके बाद बलौदा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान मकान में अलग-अलग कार्टूनों में कई तरह के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने करीब 176 किलोग्राम पटाखे बरामद कर जब्त कर लिए। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपए आंकी गई है।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दीपक कुमार अग्रवाल (52), निवासी वार्ड क्रमांक-4, नैला को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखों का भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था और इनकी बिक्री कहां की जानी थी।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, निरीक्षक सुशील पटेल, साइबर थाना के एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर समेत बलौदा थाना स्टाफ की भूमिका रही।

रिहायशी इलाके में बड़ी मात्रा में पटाखों के भंडारण का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। पुलिस की यह कार्रवाई अवैध भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के अभियान का हिस्सा है।