लास वेगास में अमेरिकी एजेंसियों ने की कार्रवाई; हरियाणा पुलिस ने 2.5 लाख और दिल्ली पुलिस ने 1 लाख रुपए का इनाम रखा था
दिल्ली। भारत के मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में शामिल हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ हरियाणा के गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया को भी पकड़ा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की गिरफ्तारी अमेरिका के लास वेगास में हुई। हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों ने कार्रवाई की।
हिमांशु भाऊ पर हत्या, हत्या की कोशिश, अपहरण, रंगदारी और फिरौती मांगने जैसे गंभीर आरोप हैं। उसका नेटवर्क दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में सक्रिय बताया जाता है। वह हरियाणा और दिल्ली पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था। उसके खिलाफ इंटरपोल ने अगस्त 2023 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था।
गिरफ्तारी में अमेरिकी एजेंसियों की मदद
जानकारी के मुताबिक, हिमांशु भाऊ की गिरफ्तारी में अमेरिकी एजेंसी ICE ने मदद की। भारतीय एजेंसियां उसे भारत वापस लाने के लिए अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में थीं। अब उसे भारत डिपोर्ट कराने की कानूनी प्रक्रिया पर नजर रहेगी। हालांकि, दोनों को भारत कब लाया जाएगा, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने रखा था लाखों का इनाम
हिमांशु भाऊ की गिरफ्तारी में मदद करने के लिए हरियाणा पुलिस ने 2.5 लाख रुपए और दिल्ली पुलिस ने 1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) समेत विभिन्न एजेंसियों की वांटेड सूची में भी शामिल था।
वहीं, नीरज फरीदपुरिया पर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में हत्या और रंगदारी समेत 25 से ज्यादा मामले दर्ज बताए गए हैं।
हिमांशु भाऊ की लॉरेंस बिश्नोई गैंग से पुरानी दुश्मनी रही है। अमेरिकी एजेंसियों की इस कार्रवाई को उसके नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब भारतीय एजेंसियों की नजर दोनों आरोपियों की वापसी और आगे की कानूनी कार्रवाई पर है।
