गौहर खान ने पति जैद से की थी एक्स बॉयफ्रेंड कुशाल टंडन की तारीफ, शो में हुआ खुलासा

मुंबई। रियलिटी शो ‘अलायंस’ में अभिनेता कुशाल टंडन और जैद दरबार की दोस्ती इन दिनों चर्चा में है। शो के दौरान जैद ने खुलासा किया कि उनकी पत्नी गौहर खान ने शो में आने से पहले अपने पूर्व बॉयफ्रेंड कुशाल टंडन की तारीफ करते हुए उन्हें “बहुत अच्छा इंसान” बताया था।

सोहेल खान की मौजूदगी में हुई बातचीत में जैद ने कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि कुशाल से मुलाकात असहज हो सकती है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि गौहर ने उनसे सिर्फ इतना कहा था कि “वो बहुत अच्छे इंसान हैं।” इसी भरोसे के साथ वह शो में आए और पहली ही मुलाकात में कुशाल ने उन्हें गले लगाकर सहज महसूस कराया।

बातचीत के दौरान कुशाल टंडन ने भी पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय वह उसी लड़की से प्यार करते थे, जिससे आज जैद की शादी हुई है। इस पर जैद ने मुस्कुराते हुए कहा कि दोनों के बीच रिश्ते अच्छे हैं क्योंकि समय के साथ सभी परिपक्व हो चुके हैं। उन्होंने कहा, “उस बात को 15 साल हो चुके हैं। अब मेरी शादी हो चुकी है, मेरे दो बच्चे हैं और मुझे अपनी पत्नी पर पूरा भरोसा है।”

गौरतलब है कि गौहर खान और कुशाल टंडन की मुलाकात 2013 में ‘बिग बॉस 7’ के दौरान हुई थी। दोनों कुछ समय तक रिलेशनशिप में रहे, लेकिन 2014 में उनका ब्रेकअप हो गया। दोनों लोकप्रिय म्यूजिक वीडियो ‘जरूरी था’ में भी साथ नजर आए थे।

इसके बाद गौहर की जिंदगी में जैद दरबार आए और दोनों ने 25 दिसंबर 2020 को निकाह किया। अब दोनों दो बेटों के माता-पिता हैं। जैद मशहूर संगीतकार इस्माइल दरबार के बेटे हैं, जबकि गौहर खान मॉडलिंग, टीवी और बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। पुराने रिश्ते को पीछे छोड़कर जैद और कुशाल के बीच बनी सहज दोस्ती दर्शकों को भी काफी पसंद आ रही है।