हरारे। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा। इस सीरीज में सभी की नजरें कप्तान श्रेयस अय्यर पर होंगी, जो अपनी कप्तानी में पहली टी-20 जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। अय्यर की अगुआई में भारत अब तक सात टी-20 मुकाबले खेल चुका है, जिनमें छह में हार मिली, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा।
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से भी टीम को बड़ी उम्मीदें हैं। इंग्लैंड दौरे पर उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और उन्होंने तीन मैचों में केवल 42 रन बनाए। हालांकि हरारे का मैदान उनके लिए खास रहा है। अंडर-19 विश्व कप फाइनल में उन्होंने इसी मैदान पर 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेलकर सुर्खियां बटोरी थीं।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 14 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 11 और जिम्बाब्वे ने 3 मैच जीते हैं। पिछली बार जुलाई 2024 में हरारे में जिम्बाब्वे ने भारत को 3 रन से हराया था, जबकि दोनों टीमों की हालिया भिड़ंत टी-20 विश्व कप में हुई थी, जिसमें भारत ने 72 रन से जीत दर्ज की थी।
इस साल भारतीय टीम के लिए ईशान किशन सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 20 मैचों में 667 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में शिवम दुबे और युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव पर जिम्मेदारी होगी। वहीं मेजबान टीम की ताकत उसका तेज गेंदबाजी आक्रमण है, जिसकी अगुआई ब्लेसिंग मुजरबानी करेंगे। बल्लेबाजी में ब्रायन बेनेट टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी हैं।
हरारे की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। मौसम साफ रहने और बारिश की संभावना नहीं होने से रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
