महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत से शुरुआत, मलेशिया को 4-1 से हराया

भोपाल में पूजा साहू ने डेब्यू मैच में दागा गोल, बनीं प्लेयर ऑफ द मैच; कप्तान सलीमा टेटे और लालरेमसियामी ने भी दिखाया दम

भोपाल। भोपाल में चल रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय हॉकी टीम ने जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। मेजबान भारत ने पहले मुकाबले में मलेशिया को 4-1 से शिकस्त दी। भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का उत्साह देखते ही बना। डेब्यू मैच में गोल करने वाली पूजा साहू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मुकाबले में मलेशिया ने 19वें मिनट में नुरामीराह जुल्किफ्ली के गोल से बढ़त बनाई। हालांकि, भारत ने जल्द ही वापसी की। खान मुमताज ने 19 मिनट 40 सेकंड में गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया।

कप्तान सलीमा और पूजा ने दागे गोल

दूसरे हाफ में कप्तान सलीमा टेटे ने 34वें मिनट में गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। इसके चार मिनट बाद 38 मिनट 50 सेकंड में डेब्यू कर रहीं पूजा साहू ने गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया। लालरेमसियामी ने 48 मिनट 25 सेकंड में चौथा गोल कर भारत की जीत पक्की कर दी।

छह टीमें खिताब के लिए मैदान में

टूर्नामेंट में भारत, जापान, चीन, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत को 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से मुकाबला खेलना है। लीग चरण के बाद 27 नवंबर को सेमीफाइनल और 28 नवंबर को फाइनल होगा।

सभी मुकाबले भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जा रहे हैं। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रखा गया है। वहीं, चीन ने थाईलैंड को 7-0 और जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराकर जीत से शुरुआत की।