मीडिया रिपोर्ट्स में दावा- दोनों फ्रेंचाइजी के बीच बनी सहमति; BCCI की मंजूरी और आधिकारिक घोषणा का इंतजार
दिल्ली। IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़े खिलाड़ी ट्रेड की चर्चा तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस छोड़कर पंजाब किंग्स में शामिल हो सकते हैं।
वहीं, पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस की जर्सी में नजर आ सकते हैं। हालांकि, इस सौदे पर BCCI की औपचारिक मंजूरी और दोनों फ्रेंचाइजी की आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
दोनों टीमों की जरूरत के हिसाब से ट्रेड
रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों टीमों के बीच बातचीत अंतिम दौर में है। संभावित सौदे में पंजाब के विकेटकीपर-बल्लेबाज विष्णु विनोद का नाम भी सामने आया है। हार्दिक पंजाब में खिलाड़ी के तौर पर शामिल हो सकते हैं। टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के पास रहने की संभावना है।
पंजाब किंग्स को ऐसे ऑलराउंडर की जरूरत है, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान दे सके। हार्दिक इस भूमिका के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस को जसप्रीत बुमराह के साथ एक अनुभवी बाएं हाथ का तेज गेंदबाज मिल सकता है। अर्शदीप नई गेंद और डेथ ओवर्स में प्रभावी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं।
सैलरी को लेकर भी चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स में हार्दिक की IPL सैलरी 16.35 करोड़ रुपए और अर्शदीप की 18 करोड़ रुपए बताई गई है। हालांकि, ट्रेड की अंतिम रकम और कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ी शर्तें आधिकारिक होने के बाद ही स्पष्ट होंगी।
दोनों खिलाड़ियों का IPL रिकॉर्ड
हार्दिक ने IPL के 162 मैचों में 2,955 रन बनाए हैं और 82 विकेट लिए हैं। वहीं, अर्शदीप ने 96 मुकाबलों में 111 विकेट हासिल किए हैं। अगर यह ट्रेड मंजूर होता है, तो IPL 2027 में दोनों खिलाड़ी नई टीमों की ओर से खेलते दिखाई दे सकते हैं।
