रणबीर को राम बनाने पर कौशल्या को भी मिले ताने: इंदिरा कृष्णन बोलीं- मैसेज आते थे, क्या तुम बीफ खाने वाले की मां बनोगी?

मुंबई। नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। हालांकि, फिल्म रिलीज होने से पहले रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में कास्ट किए जाने पर सोशल मीडिया पर काफी विवाद हुआ था।

रणबीर की पुरानी छवि और 2011 के एक इंटरव्यू को लेकर उन्हें ट्रोल किया गया। इस विवाद की आंच फिल्म में माता कौशल्या का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस इंदिरा कृष्णन तक भी पहुंची थी।

अब इंदिरा ने एक इंटरव्यू में बताया कि उस दौरान उन्हें किस तरह के मैसेज भेजे जाते थे। न्यूज18 से बातचीत में उन्होंने कहा कि लोग उनसे पूछते थे- ‘तो तुम एक बीफ खाने वाले की मां का रोल निभा रही हो?’ उस वक्त रणबीर की कास्टिंग को लेकर काफी नकारात्मक बातें हो रही थीं।

दरअसल, रणबीर का 2011 का एक पुराना इंटरव्यू वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने बीफ पसंद होने की बात कही थी। इसी आधार पर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उन्हें भगवान राम के किरदार के लिए अनुपयुक्त बताया था।

रणबीर ने ट्रोलिंग पर कभी जवाब नहीं दिया

इंदिरा के मुताबिक, रणबीर को लगातार निशाना बनाया गया, लेकिन उन्होंने कभी किसी ट्रोल का जवाब नहीं दिया। वे चुपचाप सेट पर आते और अपने काम पर ध्यान देते थे। इंदिरा ने कहा कि रणबीर हर दिन अपना 200 प्रतिशत देते थे। उन्हें लगता है कि कुछ ट्रोलिंग के पीछे पैसे देकर कराए गए अभियान भी हो सकते हैं। कई लोगों ने पहले ही मान लिया था कि फिल्म सफल नहीं होगी।

एक्ट्रेस का मानना है कि लोगों ने फिल्म देखे बिना ही उसके बारे में राय बना ली थी। उन्होंने प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की भी तारीफ की और कहा कि उन्होंने भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर पेश करने का बड़ा जोखिम उठाया है।

‘एनिमल’ के सेट पर हुई थी रामायण की बात

इंदिरा ने बताया कि उन्हें कौशल्या का किरदार दिलाने में रणबीर कपूर की भूमिका रही। फिल्म ‘एनिमल’ की शूटिंग के आखिरी दिन रश्मिका मंदाना ने उनसे अगली तेलुगु फिल्म में अपनी मां का रोल करने की इच्छा जताई थी। इस पर रणबीर ने कहा था कि वे उनकी मां का किरदार भी निभा सकती हैं।

इंदिरा ने मजाक में कहा था कि अगली बार वे रणबीर की मां बनेंगी। बाद में रणबीर ने ही ‘रामायण’ की टीम को उनका नाम सुझाया। इसके लिए इंदिरा ने उनका आभार जताया।