टेकऑफ के बाद नहीं खुला लैंडिंग गियर, 192 यात्रियों की अटकी सांसें; पुणे में सुरक्षित उतरा विमान

पुणे से गुवाहाटी जा रही IndiGo फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी; रनवे के ऊपर से विमान को गुजारकर जांच की, सुबह 9:04 बजे हुई इमरजेंसी लैंडिंग

पुणे। पुणे से गुवाहाटी जा रही IndiGo की फ्लाइट में टेकऑफ के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी आ गई। विमान का लैंडिंग गियर (पहिए) ऊपर नहीं हो पाया और बाहर की स्थिति में ही फंसा रहा। विमान में 192 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी। इसके बाद पुणे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दमकल, एंबुलेंस और बचाव दलों को अलर्ट कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि विमान सुबह 9:04 बजे सुरक्षित लैंड कर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

रनवे के ऊपर से गुजारकर जांची गई विमान की स्थिति

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट 6E 0623 (VT-IZE) ने पुणे से उड़ान भरी थी। टेकऑफ के बाद विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा सका। पायलट ने इसकी जानकारी ATC को दी। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन, IndiGo और संबंधित एजेंसियों ने आपातकालीन व्यवस्था शुरू की। भारतीय वायुसेना (IAF) ने भी फुल इमरजेंसी घोषित कर दी।

विमान के पहियों की स्थिति की पुष्टि करने के लिए उसे रनवे के ऊपर से लो पास कराया गया। इस दौरान एयरपोर्ट टीम ने विमान को देखकर लैंडिंग गियर की स्थिति जांची, ताकि सुरक्षित लैंडिंग की तैयारी की जा सके।

दमकल और एंबुलेंस की निगरानी में पार्किंग तक पहुंचा विमान

सुबह 9:04 बजे विमान ने पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को पार्किंग बे नंबर-7 तक ले जाया गया। सुबह 9:10 बजे स्थिति सामान्य होने पर ATC ने फुल इमरजेंसी वापस ले ली।

विमान के पार्किंग बे में पहुंचने के बाद एयरोब्रिज लगाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

गुवाहाटी भेजने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था

इस घटना के बाद यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए IndiGo ने वैकल्पिक विमान की व्यवस्था शुरू की। इसके लिए बेंगलुरु से पुणे विमान भेजने की तैयारी की जा रही है। एयरपोर्ट प्रशासन, ATC, भारतीय वायुसेना और आपातकालीन एजेंसियों के समन्वय से पूरी कार्रवाई की गई।