महादेव सट्टा केस: सौरभ से ED करेगी पूछताछ, प्रोडक्शन वारंट जारी

शुक्रवार सुबह 11 बजे विशेष अदालत में होगी पेशी; 7 दिन की न्यायिक रिमांड पर रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है आरोपी

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) को उसकी कस्टडी लेने के लिए प्रोडक्शन वारंट मिल गया है। PMLA की विशेष अदालत ने वारंट जारी किया है। शुक्रवार सुबह 11 बजे सौरभ को ED की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद एजेंसी उससे पूछताछ के लिए कस्टोडियल रिमांड मांग सकती है।

दरअसल, CBI की 8 दिन की रिमांड पूरी होने के बाद सौरभ को कोर्ट में पेश किया गया था। इस दौरान ED ने भी उसकी कस्टडी मांगी थी, लेकिन CBI कोर्ट ने आवेदन स्वीकार नहीं किया। अदालत ने ED को अपनी विशेष अदालत में आवेदन करने का निर्देश दिया था।

19 नवंबर को फिर होगी कोर्ट में पेशी

CBI कोर्ट ने सौरभ को 7 दिन की न्यायिक रिमांड पर रायपुर सेंट्रल जेल भेजा है। उसे 19 नवंबर को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस बीच ED अपनी विशेष अदालत से कस्टडी हासिल करने की कोशिश करेगी।

पैनल ऑपरेशन और हवाला नेटवर्क पर पूछताछ

सूत्रों के मुताबिक, CBI मुख्यालय दिल्ली में पूछताछ के दौरान सौरभ ने कथित लाइजनिंग का काम रवि उप्पल द्वारा संभाले जाने की बात कही। वहीं, उसने पैनल ऑपरेशन और हवाला ट्रांजेक्शन सिस्टम की जिम्मेदारी संभालने की बात स्वीकार की है। हालांकि, इन बयानों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

CBI ने पूछताछ के दौरान शुभम सोनी के वीडियो का भी हवाला दिया था। इसमें शुभम सोनी ने कथित तौर पर सौरभ और रवि उप्पल को अपने अधीन काम करने वाला बताया था। इस पर सौरभ ने शुभम सोनी से ही पूछने की बात कही।

ओमान से लाया गया था भारत

सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद CBI ने उससे महादेव ऐप के संचालन, आर्थिक लेन-देन और कथित हवाला नेटवर्क को लेकर पूछताछ की। अब ED मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच के लिए उसकी कस्टडी मांग सकती है।