संबलपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत शनिवार से दो दिन के ओडिशा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे संबलपुर में स्वयंसेवकों के सम्मेलन में शामिल होंगे और राज्य में संघ की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। उनका दौरा 11 अक्टूबर की शाम को समाप्त होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मोहन भागवत शनिवार शाम 4 बजे संबलपुर पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक जीएम यूनिवर्सिटी में आयोजित स्वयंसेवकों के सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान संघ के स्वयंसेवकों के साथ संवाद और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
संघ की गतिविधियों की करेंगे समीक्षा
दौरे के दूसरे दिन रविवार को मोहन भागवत ओडिशा के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान संगठन के कामकाज और विभिन्न क्षेत्रों में चल रही गतिविधियों की जानकारी ली जाएगी।
RSS के प्रचार प्रमुख सुमंत कुमार पांडा ने भागवत के दौरे की जानकारी दी है। उनके मुताबिक, संघ प्रमुख 11 अक्टूबर की शाम को अपना ओडिशा दौरा पूरा करेंगे।
भागवत का यह दौरा संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, दौरे के दौरान होने वाली बैठकों के एजेंडे और उनमें शामिल होने वाले अन्य पदाधिकारियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
