पंजाब किंग्स के बॉलिंग कोच बनेंगे पारस म्हाम्ब्रे: राजीव कुमार संभालेंगे फील्डिंग की जिम्मेदारी, रिकी पोंटिंग के साथ करेंगे काम

दिल्ली। IPL फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स ने अगले सीजन की तैयारी शुरू कर दी है। टीम इंडिया के पूर्व गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे को टीम का नया बॉलिंग कोच बनाया जाना तय है।

वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व सपोर्ट स्टाफ सदस्य राजीव कुमार फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। दोनों की नियुक्ति से पंजाब के कोचिंग स्टाफ में बदलाव होगा। वे हेड कोच रिकी पोंटिंग के साथ काम करेंगे।

पंजाब किंग्स ने पिछले महीने बॉलिंग कोच जेम्स होप्स और फील्डिंग कोच ब्रैड हैडिन से अलग होने का फैसला किया था। अब इन दोनों की जगह म्हाम्ब्रे और राजीव कुमार को जिम्मेदारी दी जाएगी।

मुंबई इंडियंस में साथ काम कर चुके हैं पोंटिंग-म्हाम्ब्रे

54 वर्षीय पारस म्हाम्ब्रे पहले भी रिकी पोंटिंग के साथ काम कर चुके हैं। दोनों मुंबई इंडियंस के कोचिंग सेटअप का हिस्सा रहे हैं। म्हाम्ब्रे पिछले महीने ही मुंबई इंडियंस से अलग हुए थे। फ्रेंचाइजी ने अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव किया था।

म्हाम्ब्रे 2021 से 2024 तक राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच रहे। इस दौरान उन्होंने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और अर्शदीप सिंह जैसे गेंदबाजों के साथ काम किया। उनके कार्यकाल में भारत 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा और 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता।

CSK के सपोर्ट स्टाफ में रह चुके हैं राजीव कुमार

राजीव कुमार इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे। अब वे पंजाब किंग्स की फील्डिंग मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्हें ब्रैड हैडिन की जगह चुना गया है।

2025 में फाइनल खेली, 2026 में प्लेऑफ से चूकी पंजाब

पंजाब किंग्स अब तक IPL का खिताब नहीं जीत सकी है। टीम 2014 और 2025 में फाइनल तक पहुंची, लेकिन दोनों बार हार का सामना करना पड़ा। रिकी पोंटिंग के नेतृत्व में टीम ने 2025 में फाइनल खेला था।

2026 में पंजाब ने लगातार 6 मैच जीते, लेकिन दूसरे हाफ में प्रदर्शन गिर गया। आखिरी 7 मैचों में उसे सिर्फ एक जीत मिली और टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। अब नए कोचिंग स्टाफ के साथ पंजाब अगले सीजन में खिताब जीतने की कोशिश करेगी।