फुटबॉल मैच में टक्कर के बाद खिलाड़ी की मौत, गोलकीपर ओवोनो पर 12 मैच का बैन

स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन ने सुनाई अधिकतम सजा; 2 नवंबर को टेनेरिफ के स्ट्राइकर जीसस डी मिगुएल से हुई थी टक्कर, अगले दिन गई जान

दिल्ली। स्पेन के फुटबॉल क्लब एफसी एंडोरा के गोलकीपर जीसस ओवोनो पर 12 मैचों का प्रतिबंध लगाया गया है। स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन ने यह कार्रवाई टेनेरिफ के स्ट्राइकर जीसस डी मिगुएल से मैदान पर हुई टक्कर के मामले में की है। इस घटना के अगले दिन डी मिगुएल की मौत हो गई थी। वह 30 साल के थे।

घटना 2 नवंबर को टेनेरिफ और एंडोरा के बीच स्पेनिश सेकंड डिवीजन के मुकाबले में हुई थी। मैच के दौरान डी मिगुएल मिडफील्ड में लंबी बॉल का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान ओवोनो गेंद को क्लियर करने के लिए पेनल्टी एरिया से बाहर आए। उनका उठा हुआ पैर डी मिगुएल की छाती से टकराया। चोट के बाद स्ट्राइकर मैदान पर बेसुध हो गए। उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ और अगले दिन उनकी मौत हो गई।

हिंसक व्यवहार के नियम के तहत कार्रवाई

रॉयल स्पैनिश फुटबॉल फेडरेशन की अनुशासन समिति ने अपने कोड के आर्टिकल 102 के तहत ओवोनो को प्रतिबंधित किया है। इस नियम में खेल के दौरान ऐसे हिंसक व्यवहार के लिए 4 से 12 मैचों तक निलंबन का प्रावधान है, जिससे गंभीर चोट पहुंचे। समिति ने रेफरी की रिपोर्ट के आधार पर घटना की गंभीरता देखते हुए अधिकतम 12 मैचों की सजा दी।

ओवोनो ने जताया दुख, क्लब ने दिया समय

ओवोनो ने एफसी एंडोरा के बयान के जरिए डी मिगुएल के परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि ये उनकी जिंदगी के सबसे मुश्किल दिन हैं और घटना को स्वीकार करना उनके लिए बेहद कठिन है।

क्लब के मैनेजर कार्ल्स मानसो ने कहा कि ओवोनो पर वापसी का दबाव नहीं बनाया जाएगा। वह जब और जैसे चाहें, फुटबॉल में लौटने का फैसला कर सकते हैं।

इस बीच स्पेन की पुलिस ने डी मिगुएल की मौत के मामले में न्यायिक जांच शुरू की है। अनुशासन समिति का प्रतिबंध खेल से जुड़ा फैसला है, इससे आपराधिक जिम्मेदारी तय नहीं होती।