रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच होने वाली टी-20 सीरीज की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीरीज के तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को खेले जाएंगे। व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी
मैचों के सफल संचालन और विभागों के बीच समन्वय के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी बनाई गई है। इसमें रायपुर पुलिस, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं। मुख्य सचिव ने सुरक्षा, यातायात और आयोजन से जुड़े सभी काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
दर्शकों की सुविधा के लिए ई-टिकट स्कैन कर प्रवेश की व्यवस्था होगी। स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। टिकट ऑनलाइन वितरित होंगे और उन पर स्टेडियम का पूरा नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर दर्ज रहेगा। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास भी दिए जाएंगे।
सीसीटीवी से निगरानी, एंबुलेंस और ग्रीन कॉरिडोर
स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली जाएगी। स्वास्थ्य विभाग नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग के साथ आयोजन स्थल पर एंबुलेंस तैनात करेगा। आपातकालीन इलाज और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी तय किया गया है।
खाद्य सामग्री और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग विद्युत व्यवस्था संभालेंगे। बीएसएनएल को स्टेडियम और आसपास मोबाइल नेटवर्क सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। गृह एवं अग्निशमन विभाग फायर ब्रिगेड, पानी और आपातकालीन रूट की व्यवस्था करेगा। बैठक में पुलिस, प्रशासन, एयरपोर्ट अथॉरिटी, पीडब्ल्यूडी, पर्यटन और क्रिकेट संघ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
