अंशुला कपूर के वेडिंग रिसेप्शन में रणवीर-अर्जुन का रीयूनियन: ‘तूने मारी एंट्रियां’ पर मचाया धमाल, हिमेश के साथ भी झूमे

मुंबई। अर्जुन कपूर की बहन अंशुला कपूर और स्क्रीनराइटर रोहन ठक्कर के वेडिंग रिसेप्शन में बॉलीवुड सितारों का जमावड़ा देखने को मिला।

मंगलवार शाम मुंबई में आयोजित इस ग्रैंड रिसेप्शन की सबसे बड़ी आकर्षण रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर का रीयूनियन रहा। दोनों ने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘गुंडे’ के लोकप्रिय गाने ‘तूने मारी एंट्रियां’ पर स्टेज पर धमाकेदार डांस कर माहौल को यादगार बना दिया।

रणवीर और अर्जुन की जबरदस्त केमिस्ट्री देखकर फैंस को फिल्म में निभाए गए उनके किरदार ‘बिक्रम’ और ‘बाला’ की याद ताजा हो गई।

दोनों कलाकारों ने हाल ही में रिलीज हुए रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने पर भी जमकर डांस किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

रिसेप्शन में सिंगर हिमेश रेशमिया ने लाइव परफॉर्मेंस दी। रणवीर और अर्जुन स्टेज पर उनके साथ शामिल हुए और ‘मुझको याद सताए तेरी’ सहित कई हिट गानों पर गाते और थिरकते नजर आए। उनकी मस्ती और ऊर्जा ने मेहमानों का खूब मनोरंजन किया।

इस खास मौके पर कपूर परिवार समेत बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। बोनी कपूर, अनिल कपूर, जाह्नवी कपूर, शनाया कपूर, रेखा, बॉबी देओल, रितेश देशमुख, जेनेलिया डिसूजा, चंकी पांडे और भावना पांडे सहित कई सितारों ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।

अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर ने 6 जुलाई को शादी की थी। शादी की तस्वीरें साझा करते हुए अंशुला ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखी थी।

उन्होंने रोहन को अपनी जिंदगी की सबसे खूबसूरत पसंद बताते हुए लिखा कि तमाम उतार-चढ़ाव और सफर के बाद भी उनकी पहली और आखिरी पसंद रोहन ही हैं।

वेडिंग रिसेप्शन की तस्वीरें और रणवीर-अर्जुन के डांस वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे हैं। फैंस दोनों सितारों की दोस्ती और ऑन-स्क्रीन जोड़ी को फिर से बड़े पर्दे पर देखने की इच्छा भी जता रहे हैं।