राजधानी में दिनदहाड़े 2.30 करोड़ की लूट, पिस्टल लेकर दफ्तर में घुसे 4 बदमाश

दिल्ली। दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में बदमाशों ने दिनदहाड़े 2 करोड़ 30 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया। चार आरोपी एक दफ्तर में घुसे और पिस्टल की नोक पर कर्मचारी को डराकर अलमारी में रखा कैश बैग में भर लिया।

इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना बुधवार, 28 अक्टूबर की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पिस्टल दिखाकर कैश बैग लेकर भागे

जानकारी के मुताबिक, चारों आरोपी दफ्तर के अंदर दाखिल हुए। वहां मौजूद कर्मचारी को पिस्टल दिखाकर डराया और अलमारी में रखी नकदी निकालकर बैग में भर ली। इसके बाद आरोपी तेजी से बाहर निकले और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने पहले से खड़ी कार में बैठकर फरार हो गए।

वारदात के बाद पुलिस को सूचना दी गई। इतनी बड़ी रकम की लूट की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच शुरू की। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों को दफ्तर में रखी नकदी के बारे में पहले से जानकारी थी या नहीं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

लाहौरी गेट थाना पुलिस ने लूट से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं।

पुलिस वारदात के समय से लेकर आरोपियों के फरार होने तक के पूरे रास्ते की जांच कर रही है। साथ ही, उस कार की भी पहचान करने की कोशिश की जा रही है, जिसका इस्तेमाल भागने के लिए किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के चेहरे ढके हुए नहीं थे। ऐसे में सीसीटीवी फुटेज की मदद से उनकी पहचान करने में सहायता मिलने की उम्मीद है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।