सलमान ने पिता सलीम खान के साथ शेयर की तस्वीरें: काउबॉय हैट में दिखे दोनों, बोले- 91 की उम्र में भी असली मॉन्स्टर हैं

मुंबई। बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने अपने पिता और दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान के साथ कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। दोनों तस्वीरों में मैचिंग काउबॉय हैट पहने नजर आ रहे हैं। सलमान ने पिता के लिए प्यार जताते हुए लिखा कि बाप तो बाप होता है। उन्होंने सलीम खान को ‘असली मॉन्स्टर’ बताते हुए लिखा, ‘हम सब के बाप में है दम।’

सलमान ने बुधवार देर रात इंस्टाग्राम पर तस्वीरों की सीरीज पोस्ट की। शुरुआती तस्वीरों में वे कुर्सी पर बैठे पिता सलीम खान को पीछे से गले लगाते नजर आए। आखिरी तस्वीर में सलमान उनके पास बैठे हैं और उनका हाथ पकड़े हुए हैं।

तस्वीरों के साथ सलमान ने लिखा, “हाउडी पार्टनर! ही-हॉ! 91 की उम्र में एक… बाप तो बाप होता है। वह असली मॉन्स्टर हैं। हम सब के बाप में है दम, वंदे मातरम्।” उन्होंने आगे लिखा कि एक और दिन गुजरता है तो जिंदगी का एक दिन कम हो जाता है। साथ ही भगवान के प्रति आभार भी जताया।

आज भी पिता से लेते हैं करियर की सलाह

सलमान खान ने इससे पहले वैरायटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में बताया था कि वे आज भी करियर से जुड़े फैसलों में पिता की सलाह लेते हैं। उन्होंने कहा था कि जब भी वे किसी बात को लेकर उलझन में होते हैं, तो सलीम खान के पास जाते हैं और उनकी सलाह मानते हैं।

फरवरी में अस्पताल में भर्ती हुए थे सलीम खान

सलीम खान को 17 फरवरी 2026 को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ था। डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में निगरानी में रखा और एहतियात के तौर पर वेंटिलेटर सपोर्ट भी दिया था। करीब एक महीने अस्पताल में रहने के बाद उन्हें छुट्टी मिली।

21 मार्च को ईद के मौके पर वे परिवार के साथ मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट की बालकनी में नजर आए थे। इसके बाद 5 अक्टूबर को पोती सिपारा के पहले जन्मदिन के कार्यक्रम में भी पहुंचे थे।

एक्टिंग से शुरू हुआ था करियर

सलीम खान हिंदी सिनेमा के चर्चित पटकथा लेखकों में शामिल हैं। उन्होंने 1960 के दशक में अभिनय से करियर शुरू किया था। फिल्म ‘बारात’ से शुरुआत करने के बाद उन्होंने कई फिल्मों में छोटे किरदार निभाए। बाद में उन्होंने लेखन की ओर रुख किया और जावेद अख्तर के साथ सलीम-जावेद की मशहूर जोड़ी बनाई। इस जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं।