रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग दिसंबर के पहले सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम जारी कर सकता है। आयोग के पदाधिकारियों के मुताबिक, 2 या 3 दिसंबर को राज्य निर्वाचन आयुक्त चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकते हैं। इसी के साथ आदर्श आचार संहिता लागू होने की संभावना है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान कराया जा सकता है।
इससे पहले 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। इसके बाद चुनाव कार्यक्रम जारी किया जा सकता है। इस बार बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली समेत चार नगर निगमों में चुनाव होने हैं। इसके अलावा अन्य नगरीय निकायों और पंचायतों में भी मतदान कराया जाएगा।
कुल 1231 पदों के लिए होगा चुनाव
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, नगरीय निकायों में आम चुनाव और उपचुनाव मिलाकर 417 पदों के लिए मतदान होगा। इनमें महापौर के 4, अध्यक्ष के 13 और पार्षद के 400 पद शामिल हैं। उपचुनाव में अध्यक्ष का एक और पार्षद के 6 पदों पर चुनाव होगा।
वहीं, त्रिस्तरीय पंचायतों में 814 पदों के लिए मतदान होगा। इनमें जनपद पंचायत सदस्य का एक, सरपंच के 92 और पंच के 721 पद शामिल हैं। इस तरह कुल 1231 पदों पर जनप्रतिनिधियों का चुनाव किया जाएगा।
बिरगांव के 40 वार्डों में लागू होगी आचार संहिता
बिरगांव नगर निगम का क्षेत्रफल 36.85 वर्ग किलोमीटर है। यहां 40 वार्ड और 6 मूल राजस्व ग्राम शामिल हैं। चुनाव की घोषणा होते ही निगम के सभी 40 वार्डों में आचार संहिता लागू होगी। इसका दायरा पूरे रायपुर जिले तक नहीं होगा।
देरी हुई तो नियुक्त हो सकते हैं प्रशासक
चुनाव कार्यक्रम जारी करने में देरी होने पर कुछ नगरीय निकायों में प्रशासक नियुक्त करने की स्थिति बन सकती है। वर्ष 2021 में चुनाव कार्यक्रम जारी होने के करीब 23 दिन बाद मतदान हुआ था। इसी आधार पर इस बार भी दिसंबर के अंतिम सप्ताह में वोटिंग की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम फैसला आयोग की घोषणा के बाद ही होगा।
