कभी नक्सलियों की चौपाल वाली जगह पर गूंजी विकास की आवाज, उप मुख्यमंत्री शर्मा ने लगाई जनचौपाल

रायपुर/कांकेर। कभी नक्सलियों की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहे उत्तर बस्तर कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम किसकोड़ो में अब विकास और लोकतंत्र की नई तस्वीर देखने को मिली। शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने उसी स्थान पर जनचौपाल लगाई, जहां कभी नक्सलियों की बैठकें हुआ करती थीं।

ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उन्होंने एक-एक व्यक्ति की समस्याएं सुनीं और स्वास्थ्य, बिजली, शिक्षा तथा आधारभूत ढांचे से जुड़ी मांगों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसकोड़ो को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

ग्रामीणों ने उप मुख्यमंत्री के सामने अस्पताल सुविधा, विद्युत सब-स्टेशन, खाद भंडारण केंद्र, स्कूल बाउंड्रीवाल और सड़क-पुलिया निर्माण जैसी मांगें रखीं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा मरीजों के लिए एम्बुलेंस सुविधा सुनिश्चित करने को कहा।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि जो गांव कभी नक्सल हिंसा और भय के कारण पहचान रखता था, वह अब विकास और विश्वास का प्रतीक बन रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को जैविक खेती, लघु वनोपज प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि आसपास की पंचायतों को जोड़कर प्रशिक्षण और सर्टिफिकेशन आधारित कृषि मॉडल विकसित किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों की आय में वृद्धि हो सके।

इस अवसर पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

शेयर करें