दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। हादसे में 11 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले तीसा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
SP विजय कुमार सकलानी के मुताबिक, प्राइवेट बस सुबह करीब 7 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बैरागढ़ से कुछ दूरी पर चालुंज मोड़ के पास ‘शर्मा कोच’ बस अचानक बेकाबू हो गई। इसके बाद बस पलटते हुए दूसरी सड़क पर जा गिरी। बस में ड्राइवर-कंडक्टर समेत करीब 18 यात्री सवार थे। इनमें 4 से 18 साल की उम्र के 6 बच्चे भी शामिल थे।
जेसीबी से बस हटाकर निकाले यात्री
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बस पलटने के बाद कई यात्री उसके अंदर फंस गए थे। लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला। बस को सड़क से हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद बस के अंदर से बचाव के लिए चीखने की आवाजें आ रही थीं।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जगदेव शर्मा (48), उनकी पत्नी हरदेई (45), देसराज (35), तेज सिंह (30), जगदेई (24), नीलमा (34) और बस चालक रूप सिंह (35) के रूप में हुई है।
घायलों को 5-5 हजार की मदद
स्थानीय प्रशासन ने हादसे में घायल सभी 11 यात्रियों को 5-5 हजार रुपए की फौरी राहत दी है। मृतकों के परिजनों को भी जल्द राहत राशि देने की बात कही गई है। हादसे में घायल यात्रियों में बच्चे भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
