देश में बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ों पर बर्फबारी और कई राज्यों में तेज बारिश

हेमकुंड साहिब और केदारनाथ में बर्फबारी; यूपी में आंधी-बारिश, एमपी में 21 सितंबर तक बरसात के आसार

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है, जबकि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है।

उत्तराखंड के चमोली स्थित हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई। केदारनाथ और रुद्रनाथ में भी ओलों के साथ हल्की बर्फबारी हुई। इससे पहाड़ी इलाकों में तापमान गिरने के साथ ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ में शुक्रवार सुबह तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

एमपी में 21 सितंबर तक बारिश के आसार

मध्य प्रदेश में गुरुवार को भोपाल, सीहोर और देवास समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अब अंतिम चरण में है। सितंबर के आखिरी सप्ताह से इसकी विदाई शुरू होने की संभावना है। हालांकि, इससे पहले 21 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।

यूपी में आंधी के बाद तेज बारिश

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। कानपुर में करीब आधे घंटे तक 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए। इसके बाद तेज बारिश हुई। बरेली में करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चली। कई पेड़ उखड़ गए और बाद में भारी बारिश हुई।

बिहार के 13 जिलों में यलो अलर्ट

बिहार में मौसम विभाग ने 13 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। ज्यादातर हिस्सों में उमस बनी रहने की संभावना है। वहीं, राज्य में बाढ़ का असर भी जारी है और करीब 50 लाख लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं।

अगले दो दिन इन राज्यों में बारिश

19 सितंबर को नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और रायलसीमा में बारिश का यलो अलर्ट है। 20 सितंबर को छत्तीसगढ़ समेत पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कर्नाटक में बारिश के आसार हैं।