देशभर में बारिश का कहर: 16 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से केदारनाथ ट्रैक बंद; यूपी में 100 परिवारों का पलायन

दिल्ली। देशभर में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को राजस्थान समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़, भूस्खलन और नदी कटाव की घटनाएं सामने आई हैं। उत्तराखंड में लैंडस्लाइड के चलते केदारनाथ यात्रा प्रभावित हुई है, जबकि उत्तर प्रदेश में नदी कटाव से सैकड़ों लोग घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में गुरुवार सुबह कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। गौरीकुंड के पास लैंडस्लाइड के बाद केदारनाथ ट्रैकिंग रूट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया।

हरिद्वार में गंगा का जलस्तर बढ़ने से गंगाजल भरने गया एक युवक तेज बहाव में बहने लगा, जिसे SDRF की टीम ने सुरक्षित बचा लिया। रुद्रप्रयाग में पहाड़ी से बोल्डर गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई।

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सरयू नदी का कटाव तेजी से जारी है। नदी का पानी गांवों में घुसने के बाद 100 से अधिक परिवारों ने अपने घर खाली कर सुरक्षित स्थानों का रुख किया है।

दो मकान नदी में समा गए हैं, जबकि कई घरों के नीचे की जमीन कट चुकी है। गोंडा में घाघरा नदी के किनारे भी कटाव बढ़ने से कृषि भूमि और पेड़ नदी में बह गए हैं।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में भारी बारिश के कारण एक सरकारी प्राथमिक स्कूल की दीवार ढह गई। वहीं अक्चमल के पास भूस्खलन के बाद कारगिल-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है।

राजस्थान के चूरू, जयपुर, प्रतापगढ़ और दौसा में भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। मध्य प्रदेश के 17 जिलों, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, झारखंड और बिहार में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक उत्तर भारत, मध्य भारत और पश्चिमी राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।