छठ मनाने घर लौट रहे 14 लोगों की मौत: नेपाल में 300 मीटर गहरी खाई में गिरी इलेक्ट्रिक वैन, 6 घायल

काठमांडू से सर्लाही जा रहे थे सभी यात्री; मकवानपुर जिले में सुबह 5:45 बजे हुआ हादसा, वाहन में सवार थे 20 लोग

दिल्ली। नेपाल में छठ महापर्व मनाने के लिए घर लौट रहे लोगों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। गुरुवार सुबह यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक वैन पहाड़ी सड़क से करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई।

हादसे में ड्राइवर समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हुए हैं। सभी यात्री काठमांडू से दक्षिणी नेपाल के सर्लाही जिले स्थित अपने घर जा रहे थे।

यह दुर्घटना बागमती प्रांत के मकवानपुर जिले में भीमफेदी ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र के चिसापानीगढ़ी के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 5:45 बजे काठमांडू से सर्लाही जा रही माइक्रोबस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में कुल 20 लोग सवार थे।

11 की मौके पर मौत, अस्पताल में 6 घायल

हादसा इतना भीषण था कि 11 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई। दुर्घटना में घायल छह लोगों को हेतौडा नगरपालिका के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

छठ मनाने के लिए लौट रहे थे सभी यात्री

पुलिस के अनुसार, वाहन में सवार सभी यात्री सर्लाही जिले के रहने वाले थे। वे छठ महापर्व मनाने के लिए काठमांडू से अपने घर लौट रहे थे। नेपाल में इस रविवार को छठ पर्व मनाया जाना है।

फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पहाड़ी रास्ते पर वाहन अनियंत्रित कैसे हुआ।