Vedanta Power Plant Blast: सक्ती में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा, 11 मजदूरों की मौत, CM ने दिए जांच के आदेश

Vedanta Power Plant Blast

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आई है। सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एक भयानक हादसा हो गया। प्लांट के भीतर काम चलने के दौरान अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस भीषण Vedanta Power Plant Blast में अब तक 11 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से 40 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

जिंदल अस्पताल में मरीजों का चल रहा इलाज

हादसे के तुरंत बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाकर भागने लगे। आनन-फानन में घायलों को रायगढ़ के जिंदल अस्पताल ले जाया गया।

  • अस्पताल से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, वहां 18 घायलों को भर्ती कराया गया था।
  • इनमें से 6 लोगों की मौत अस्पताल में हो गई, जबकि सक्ती में 4 से अधिक लोगों ने दम तोड़ दिया। कुल मौतों का आंकड़ा 11 तक पहुंच गया है।
  • अस्पताल में अभी 12 घायलों का इलाज चल रहा है। वेंटिलेटर फुल होने के कारण अन्य झुलसे मजदूरों को दूसरे अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज में भेजा गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजने की तैयारी चल रही है।

CM साय और भूपेश बघेल ने जताया दुख

इस बड़ी दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेज करने और घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी और राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

श्रम मंत्री के सख्त निर्देश और कंपनी का बयान

घटना को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ के श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने तत्काल प्रभाव से जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष टीम गठित कर प्लांट प्रबंधन, ठेकेदार और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच कराने की बात कही है। मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का भी ऐलान किया गया है।

दूसरी ओर, वेदांता पावर प्लांट के प्रवक्ता ने अपना बयान जारी किया है। प्रवक्ता के मुताबिक, इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में सब-कॉन्ट्रैक्टर एनजीएसएल (NGSL) के कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। कंपनी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सहायता दे रही है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस और प्रशासन की टीम तैनात है।