Project Freedom:डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा फैसला, पाकिस्तान की अपील पर रोका प्रोजेक्ट फ्रीडम, लेकिन जारी रहेगी ईरान की घेराबंदी
अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और खाड़ी देशों की राजनीति से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में चलाए जा रहे प्रोजेक्ट फ्रीडम को फिलहाल के लिए रोकने का ऐलान कर दिया है। यह वही मिशन था जिसे अमेरिका ने हॉर्मुज जलमार्ग में फंसे व्यापारिक जहाजों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए शुरू किया था।
पाकिस्तान की अपील का असर ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए दुनिया को इस बड़े फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट फ्रीडम को रोकने का यह फैसला पाकिस्तान की तरफ से की गई एक विशेष अपील के बाद लिया गया है। इसके अलावा ट्रंप ने यह भी साफ किया कि ईरान के साथ एक नए समझौते को लेकर बातचीत आगे बढ़ रही है, जिसके चलते इस रेस्क्यू ऑपरेशन को अभी रोकना ही सही कदम माना गया।
घेराबंदी में नहीं होगी कोई ढील भले ही अमेरिका ने जहाजों को निकालने का अपना मिशन बीच में ही रोक दिया हो, लेकिन ईरान के खिलाफ सख्ती में कोई कमी नहीं आने वाली है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट कर दिया है कि ईरान के बंदरगाहों की नौसैनिक घेराबंदी पहले की तरह पूरी ताकत के साथ जारी रहेगी। अमेरिका इस मामले में कोई भी ढील देने के मूड में नहीं है।
ईरान ने बताया अपनी जीत उधर दूसरी तरफ ईरान के सरकारी मीडिया ने अमेरिका के इस कदम को अपनी बड़ी कूटनीतिक जीत बताया है। उनका दावा है कि अमेरिका इस रास्ते को खुलवाने में पूरी तरह नाकाम रहा, जिसके कारण ट्रंप को अंततः पीछे हटना पड़ा। चुनाव और युद्ध के माहौल के बीच दोनों देशों के यह कदम वैश्विक कूटनीति पर गहरा असर डाल रहे हैं।
