छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का दौर जारी, 12 मई के बाद फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

CG Weather Update

CG Weather Update:छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में इन दिनों मौसम मेहरबान है। प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही आंधी और बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से फौरी राहत मिली है। शनिवार को राजधानी रायपुर, दुर्ग, अंबिकापुर समेत कई शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिली। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही।

हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों की नहीं है। मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि 12 मई से प्रदेश में बारिश और आंधी का यह दौर थम सकता है, जिसके बाद तापमान में फिर से उछाल देखने को मिलेगा।

क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में प्रदेश में एक चक्रवात सिस्टम एक्टिव है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से ओडिशा और राजस्थान से झारखंड तक एक टर्फ लाइन (Trough Line) छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इसी सिस्टम के प्रभाव के कारण प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर देखा जा रहा है।

अगले 2 दिन चलेंगी 50-60 KM की रफ्तार से हवाएं

  • तेज हवाओं का अलर्ट: मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
  • रायपुर का हाल: राजधानी रायपुर में भी बादल छाए रहने और देर शाम तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की पूरी संभावना है।

राजनांदगांव रहा प्रदेश का सबसे गर्म जिला

बारिश के बावजूद प्रदेश के कुछ शहरों में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। शनिवार को 41 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। वहीं, जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान:

  • राजनांदगांव: 41.0 डिग्री
  • रायपुर: 38.8 डिग्री
  • दुर्ग: 38.6 डिग्री
  • बिलासपुर: 38.4 डिग्री
  • अंबिकापुर: 35.9 डिग्री

12 मई से फिर चढ़ेगा पारा

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, 11 मई के बाद पश्चिमी विक्षोभ और टर्फ लाइन का असर कम होने लगेगा। इसके चलते 12 मई से आंधी-बारिश का दौर थमने की संभावना है। आसमान साफ होते ही प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को फिर से भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।