Travis Head family trolled:बेंगलुरु/हैदराबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैदान पर खिलाड़ियों के बीच होने वाली आक्रामकता और स्लेजिंग अब एक बेहद बदसूरत रूप ले चुकी है। 22 मई को खेले गए बेंगलुरु और हैदराबाद मैच के दौरान विराट कोहली (Virat Kohli) और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ट्रैविस हेड (Travis Head) के बीच हुई तीखी नोंकझोंक के बाद, कोहली के कथित फैंस ने सारी हदें पार कर दी हैं। सोशल मीडिया पर ट्रैविस हेड के परिवार, उनकी पत्नी जेसिका और यहां तक कि उनकी छोटी सी बेटी को भी भद्दी गालियां और धमकियां दी जा रही हैं।
‘दोस्तों और परिवार को बनाया जा रहा है निशाना’
ट्रैविस हेड की पत्नी जेसिका ने ऑस्ट्रेलिया के अखबार ‘द एडवरटाइजर’ से बातचीत में इस पूरी घटना पर अपना दर्द और निराशा व्यक्त की है।
- जेसिका ने कहा, “जब मैं सोकर उठी तो मेरा सोशल मीडिया भरा पड़ा था… हम ठीक हैं, लेकिन वे मेरे दोस्तों और परिवार पर निशाना साध रहे हैं।”
- शादी की तस्वीरों पर भी गालियां: रिपोर्ट्स के अनुसार, हेड की शादी की तस्वीरों तक पर आपत्तिजनक कमेंट्स किए गए हैं। कुछ यूजर्स ने परिवार को सीधे तौर पर धमकियां भी दी हैं।
- पुरानी यादें ताजा हुईं: जेसिका ने बताया कि यह घटना उन्हें 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और 2024 बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की जीत के बाद मिली धमकियों और ट्रोलिंग की याद दिला रही है।
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि खेलों में जुनून ठीक है, लेकिन यह याद रखना चाहिए कि खेल के पीछे लोग और उनके परिवार भी होते हैं। उन्होंने एक-दूसरे के प्रति अधिक काइंडनेस और सपोर्ट को बढ़ावा देने की बात कही।
मैदान पर आखिर क्या हुआ था? (Kohli vs Head)
यह पूरा विवाद 22 मई के मैच से शुरू हुआ। बेंगलुरु की पारी में पावरप्ले के दौरान विराट कोहली और ट्रैविस हेड के बीच बहस हुई।
- रिपोर्ट्स के अनुसार, हेड ने स्लेजिंग करते हुए कोहली से ज्यादा आक्रामक शॉट खेलने को कहा था। इसके जवाब में कोहली ने हेड को खुद आकर गेंदबाजी करने की चुनौती दी।
- बाद में जब कोहली आउट हो गए, तो हेड ने उन पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें गेंदबाजी करने का मौका ही नहीं मिला।
- हैंडशेक से किया इनकार: इसी घटना के बाद दोनों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि मैच खत्म होने के बाद विराट कोहली ने ट्रैविस हेड से हाथ तक नहीं मिलाया। जब हेड ने हाथ आगे बढ़ाया, तो कोहली उन्हें नजरअंदाज करते हुए एकदम से आगे निकल गए।
‘कोहली का बिहेवियर गलत था’: कमेंटेटर भरत सुंदरेशन
इस पूरी घटना और इसके बाद हुई ट्रोलिंग पर भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और कमेंटेटर भरत सुंदरेशन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने बताया कि उनकी ट्रैविस हेड से बात हुई है और वह फिलहाल ठीक हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को सलाह दी है कि ऐसे मामलों में सोशल मीडिया से दूरी बना लेनी चाहिए और ट्रोलिंग का जवाब नहीं देना चाहिए।
उन्होंने मैच के बाद कोहली के व्यवहार को गलत ठहराया है।
सुंदरेशन के मुताबिक, भारत में क्रिकेटरों को लेकर फैन कल्चर हमेशा से बहुत भावुक रहा है, लेकिन अब यह ज्यादा ‘आक्रामक’ और ‘ट्राइबल’ (कबीलाई) हो गया है।
