मानसून में घूमने का है प्लान? बिहार की ये जगहें किसी हिल स्टेशन से कम नहीं

  • बिहार की ये खूबसूरत जगहें बना देंगी ट्रिप को यादगार

अगर आप मानसून के मौसम में कहीं घूमने की योजना बना रहे हैं, तो बिहार की कुछ प्राकृतिक और ऐतिहासिक जगहें आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल होनी चाहिए। बारिश के दौरान यहां की वादियां हरियाली से भर जाती हैं। पहाड़, झरने और बादलों से घिरे नजारे पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। आइए जानते हैं बिहार की कुछ ऐसी ही खूबसूरत जगहों के बारे में।

करमचट डैम, रोहतास
रोहतास जिले के चेनारी क्षेत्र में स्थित करमचट डैम मानसून के दौरान बेहद आकर्षक दिखाई देता है। सासाराम से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित यह डैम हरियाली और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। सूर्योदय और सूर्यास्त के समय यहां का नजारा और भी मनमोहक हो जाता है। परिवार और दोस्तों के साथ सुकून भरे पल बिताने के लिए यह एक बेहतरीन स्थान है।

करकटगढ़ वॉटरफॉल
कैमूर वाइल्डलाइफ सेंचुरी के अंदर स्थित करकटगढ़ वॉटरफॉल बारिश के मौसम में अपने पूरे शबाब पर होता है। करीब 100 फीट ऊंचे और 300 फीट चौड़े इस झरने का बहता पानी और आसपास का घना जंगल पर्यटकों को रोमांच और प्रकृति का अद्भुत अनुभव कराता है। मानसून में यहां का नजारा बेहद मनोहारी हो जाता है।

कैमूर की पहाड़ियां
प्राकृतिक सुंदरता के साथ इतिहास में रुचि रखने वालों के लिए कैमूर की पहाड़ियां एक शानदार पर्यटन स्थल हैं। यहां घने जंगल, गहरी घाटियां, प्राकृतिक गुफाएं और कई सुंदर झरने मौजूद हैं। बारिश के मौसम में इन पहाड़ियों की हरियाली और भी निखर जाती है। इसके अलावा यहां प्राचीन शैलचित्र और ऐतिहासिक धरोहरें भी देखने को मिलती हैं।

विश्व शांति स्तूप, राजगीर
राजगीर की रत्नागिरी पहाड़ी पर स्थित विश्व शांति स्तूप मानसून में बादलों के बीच बेहद खूबसूरत दिखाई देता है। सफेद संगमरमर से निर्मित यह स्तूप शांति और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कराता है। यहां तक पहुंचने के लिए रोपवे की सुविधा उपलब्ध है, जहां से आसपास की पहाड़ियों और हरियाली का शानदार नजारा देखने को मिलता है।

अगर आप इस मानसून प्रकृति की गोद में कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो बिहार की ये जगहें आपके सफर को यादगार बना सकती हैं।