18 घंटे बाद खत्म हुआ कांग्रेस का धरना: पुलिस के लिखित आश्वासन पर माने नेता

रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाने के सामने कांग्रेस का 18 घंटे तक चला अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को समाप्त हो गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि पुलिस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर एफआईआर दर्ज करने का लिखित आश्वासन दिया है।

साथ ही कांग्रेस नेताओं पर दर्ज गैर-जमानती धाराओं वाले मामले की निष्पक्ष विवेचना करने की बात भी कही गई है। इसके बाद पार्टी ने अपना धरना समाप्त करने का फैसला लिया।

यह धरना भाजपा-कांग्रेस के बीच हुए विवाद के बाद कांग्रेस के 12 नेताओं और कई कार्यकर्ताओं पर दर्ज गैर-जमानती धाराओं वाली एफआईआर के विरोध में शुरू किया गया था।

कांग्रेस का आरोप था कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए केवल कांग्रेस नेताओं पर मामला दर्ज किया, जबकि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

धरना समाप्त होने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पुलिस ने लिखित रूप से भरोसा दिया है कि भाजपा पक्ष के खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आगे की रणनीति तय करेगी।

इधर, जिन 12 कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, वे शुक्रवार शाम खम्हारडीह थाने पहुंचे। यहां पुलिस ने घायल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) कराया। पुलिस ने गैर-जमानती धाराओं में दर्ज प्रकरण की विवेचना भी शुरू कर दी है।

भाजपा और कांग्रेस के बीच हुए इस विवाद को लेकर राजधानी में राजनीतिक माहौल गर्म बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी।

वहीं कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि पुलिस अपने लिखित आश्वासन के अनुरूप कार्रवाई नहीं करती है तो पार्टी राज्यभर में आंदोलन तेज करेगी।