खमतराई अंडरब्रिज से मिलेगी एंट्री, VIP और एंबुलेंस के लिए अलग रास्ता; 250 जवान करेंगे निगरानी
रायपुर। राजधानी रायपुर के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित दशहरा मैदान में मंगलवार को रावण दहन होगा। 101 फीट ऊंचे रावण के दहन को देखने बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
इसे देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया है। आम लोगों और वीआईपी के लिए आने-जाने के रास्ते अलग रखे गए हैं। भीड़ के दौरान जाम से बचने और आपात स्थिति में एंबुलेंस की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए भी अलग मार्ग तय किया गया है।
खमतराई अंडरब्रिज से प्रवेश, वापसी वन-वे
आम लोगों को खमतराई ब्रिज के नीचे से कार्यक्रम स्थल तक प्रवेश मिलेगा। वाहनों की पार्किंग केंद्रीय विद्यालय के पास बनाई गई है, जहां करीब 300 गाड़ियां खड़ी हो सकेंगी। पार्किंग भरने पर कार्यक्रम स्थल के पास मैदान में वाहन खड़े कराए जाएंगे। वापसी के लिए मैदान के पीछे से रेलवे यार्ड होते हुए केंद्रीय विद्यालय तक वन-वे मार्ग रहेगा।
वीआईपी वाहन मंडी गेट और मोवा की ओर से वैगन रिपेयरिंग यार्ड के रास्ते मैदान पहुंचेंगे। उनके लिए पार्किंग की अलग व्यवस्था रहेगी। पुलिस और प्रशासन की टीमें यातायात संभालेंगी।
रेलवे ट्रैक के पास 250 जवान तैनात
डब्ल्यूआरएस मैदान के पास से मुंबई-हावड़ा रेल लाइन गुजरती है। भीड़ के पटरियों तक पहुंचने से हादसे की आशंका को देखते हुए रेलवे ने उरकुरा और रायपुर स्टेशन के बीच मंगलवार दोपहर 12 से रात 12 बजे तक ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 15 किमी प्रति घंटा तय की है। लोको पायलट लगातार हॉर्न बजाएंगे और जरूरत पड़ने पर ट्रेन रोक सकेंगे। ट्रैक के आसपास बैरिकेडिंग भी की जाएगी। सुरक्षा के लिए करीब 250 जवान तैनात रहेंगे। ट्रेनों को सामान्य स्थिति में करीब 5 मिनट और व्यस्त समय में 10 मिनट तक की देरी हो सकती है।
इन जगहों पर भी रावण दहन
डब्ल्यूआरएस के अलावा बीटीआई ग्राउंड, छत्तीसगढ़ नगर, सप्रे शाला मैदान, चौबे कॉलोनी, दलदल सिवनी और बोरियाखुर्द समेत अन्य स्थानों पर भी रावण दहन होगा। कई जगह आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
