निर्माणाधीन इमारत का वीडियो शेयर कर किया गया था दावा; फराह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताई सच्चाई
मुंबई। कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान की बिल्डिंग में आग लगने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्होंने नाराजगी जताई है।
दिवाली के दौरान एक पपराजी पेज ने आग का वीडियो शेयर करते हुए दावा किया था कि मुंबई स्थित फराह के घर की बिल्डिंग में आग लगी है। वीडियो देखकर उनके फैंस परेशान हो गए थे। हालांकि, फराह ने इस खबर को गलत बताते हुए साफ किया कि वीडियो में दिखाई गई इमारत निर्माणाधीन है।
इंस्टाग्राम स्टोरी पर दी सफाई
फराह खान ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर संबंधित पपराजी पेज की पोस्ट री-शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘ऑनलाइन पोर्टल्स, प्लीज जिम्मेदार बनिए। यह एक निर्माणाधीन बिल्डिंग है। सिर्फ क्लिकबेट ही सब कुछ नहीं हो सकता।’ फराह मुंबई के लोखंडवाला स्थित ओबेरॉय स्काई हाइट्स में रहती हैं। उनके इस बयान के बाद आग लगने की खबरों को लेकर फैल रही गलतफहमी दूर हुई।
कुक दिलीप के साथ वीडियो पर भी दी थी प्रतिक्रिया
फराह हाल ही में अपने कुक दिलीप के साथ कथित बहस के वीडियो को लेकर भी चर्चा में थीं। वायरल क्लिप में दोनों के बीच बातचीत को बहस के तौर पर दिखाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद फराह ने लोगों से उनकी और दिलीप की निजता का सम्मान करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि बिना पूरी बात जाने किसी नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहिए।
व्लॉग्स से लोकप्रिय हुए दिलीप
फराह खान के यूट्यूब व्लॉग्स साल 2024 में शुरू हुए थे। इन वीडियोज में फराह और उनके पुराने कुक दिलीप की मजेदार बातचीत दर्शकों को पसंद आती है। काजोल, अनन्या पांडे और विजय वर्मा जैसे सितारे भी उनके व्लॉग्स में नजर आ चुके हैं। दिलीप अपनी हाजिरजवाबी के चलते सोशल मीडिया पर भी लोकप्रिय हो गए हैं।
