लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर 40 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 3 की मौत

राजस्थान से बिहार जा रहे थे 50 से ज्यादा यात्री; 40 से अधिक घायल, मासूम बच्चे भी शामिल; टायर फटने से हादसे की आशंका

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी एक लग्जरी बस अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 3 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों में छोटे बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। गंभीर घायलों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

हादसा पारा थाना क्षेत्र के जीरो पॉइंट पर हुआ। बिहार नंबर की यह बस राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी। इसमें 50 से ज्यादा यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी यात्री छठ पर्व मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे। शुरुआती जांच में बस का टायर फटना हादसे की वजह माना जा रहा है।

पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 50 पुलिसकर्मियों और SDRF की दो टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बस में फंसे यात्रियों को खिड़कियों से बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मी घायल बच्चों को गोद में उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाते नजर आए।

प्रशासन के मुताबिक, घायलों को लोकबंधु अस्पताल और KGMU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक और जिलाधिकारी विशाख जी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। गंभीर मरीजों का विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद बस को क्रेन की मदद से हटाया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।