अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में शुक्रवार को समृद्धि हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से देवी दुर्गा की प्रतिमा लेकर जा रही पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए वर्धा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रॉली से टकराया तेज रफ्तार ट्रक
जानकारी के मुताबिक, पिकअप वैन में श्रद्धालु देवी दुर्गा की प्रतिमा लेकर जा रहे थे। पिकअप की रफ्तार कम थी और उसके पीछे एक ट्रॉली लगी हुई थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप वैन और ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पिकअप एक तरफ पलट गई, जबकि टक्कर से ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लिया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए वर्धा के अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पिकअप की कम रफ्तार और पीछे लगी ट्रॉली के कारण ट्रक चालक का अनुमान चूक गया। इसके बाद ट्रक ने पीछे से ट्रॉली को टक्कर मार दी।
पुलिस हादसे के कारणों और वाहन की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी की जा रही है।
