ट्रिपल मर्डर में AI कनेक्शन: हत्या से पहले पूछे थे हमले के तरीके

टेक कर्मचारी ने लिव-इन पार्टनर के माता-पिता और बहन की चाकू मारकर की थी हत्या; 52 लाख के कर्ज को लेकर हुआ था विवाद

दिल्ली। बेंगलुरु के कृष्णराजपुरा क्षेत्र के सीगेहल्ली में जून में हुए ट्रिपल मर्डर केस की जांच में पुलिस को AI से जुड़ा चौंकाने वाला इनपुट मिला है। पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय टेक कर्मचारी जे. केनेथ ने अपनी लिव-इन पार्टनर श्वेता के परिवार पर हमला करने से पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से हिंसक हमले के तरीकों के बारे में जानकारी हासिल की थी।

पुलिस ने जांच के दौरान केनेथ के लैपटॉप की सर्च हिस्ट्री खंगाली। इसमें ऐसे सवाल मिले, जिनमें किचन के चाकू से जानलेवा हमला करने, सिरका और मिर्च पाउडर से लोगों को नुकसान पहुंचाने और तीन लोगों को गिराने जैसे तरीकों के बारे में जानकारी मांगी गई थी। उसने ऐसे हथियारों के बारे में भी AI से जानकारी ली, जिनका इस्तेमाल पहले हत्या की घटनाओं में हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, केनेथ AI से नियमित बातचीत करता था और उसे दोस्त की तरह मानता था। हालांकि, जांच एजेंसी अभी यह पता नहीं लगा सकी है कि AI ने उसके सवालों के जवाब में क्या जानकारी दी थी। ये सवाल फोरेंसिक जांच के दौरान लैपटॉप पर दिखाई देने वाली सर्च हिस्ट्री से सामने आए।

जांच के दौरान घटनास्थल से सिरका और मिर्च पाउडर के मिश्रण वाली एक बोतल भी मिली है। पुलिस ने इसे जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) भेजा है।

52 लाख के लोन को लेकर हुआ था विवाद

सिटी कोर्ट में दाखिल 2,085 पेज की चार्जशीट के मुताबिक, हत्या की वजह आर्थिक विवाद था। केनेथ की लिव-इन पार्टनर श्वेता ने उसके लिए करीब 52 लाख रुपए का लोन लिया था। इसमें 30 लाख रुपए का बिजनेस लोन, दो बैंकों से 8 लाख और 6 लाख रुपए के पर्सनल लोन के अलावा दोस्तों, रिश्तेदारों, क्लासमेट्स और सहकर्मियों से लिए गए करीब 8 लाख रुपए शामिल थे।

श्वेता के माता-पिता को जब पता चला कि उनकी बेटी ने केनेथ की मदद के लिए बड़ी रकम उधार ली है, तो परिवार में विवाद शुरू हो गया। श्वेता के पिता सोमसुंदर (55) ने केनेथ से लोन की रकम और बैंक के नोटिस को लेकर सवाल किए।

पुलिस के मुताबिक, 22 जून की रात केनेथ सीगेहल्ली के साई ग्रीन अपार्टमेंट पहुंचा। वहां विवाद बढ़ने के बाद उसने श्वेता के पिता सोमसुंदर, मां मुथुलक्ष्मी (50) और बहन सुप्रिया (20) पर चाकू से हमला कर दिया। तीनों की मौके पर मौत हो गई।

चार्जशीट के अनुसार, श्वेता ने कोर्ट में दिए बयान में बताया कि केनेथ ने उसके माता-पिता और बहन पर हमला किया और वह घटना की गवाह रही। पुलिस अब AI से जुड़े सर्च रिकॉर्ड, घटनास्थल से मिले सामान और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को केस की जांच में जोड़ रही है।