आकृति साहू ने बढ़ाया GPM का मान, पुनर्मूल्यांकन के बाद 12वीं मेरिट में हासिल किया 8वां स्थान

गौरेला पेंड्रा मरवाही। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा की छात्रा आकृति साहू ने शानदार सफलता हासिल करते हुए जिले और विद्यालय का नाम रोशन किया है। कक्षा 12वीं के पुनर्मूल्यांकन के बाद आकृति के अंकों में 4 अंक की बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद उनका कुल प्राप्तांक 484 हो गया और उन्होंने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की राज्य मेरिट सूची में 8वां स्थान प्राप्त किया।

बोनस अंक जोड़ने के बाद आकृति का कुल स्कोर 494 अंक (98.80 प्रतिशत) दर्ज किया गया। इससे पहले भी आकृति साहू ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में राज्य मेरिट सूची में जगह बनाकर अपनी प्रतिभा साबित की थी।

आकृति की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और शिक्षा विभाग ने खुशी जताई है। विद्यालय के प्राचार्य श्री भुवाल सिंह पैकरा ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रा की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।

गौरतलब है कि इस वर्ष स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा के तीन विद्यार्थियों ने कक्षा 12वीं की राज्य टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाया है। जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी के मार्गदर्शन और शिक्षकों के निरंतर प्रयासों से विद्यालय प्रदेश में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए पहचान बना रहा है।

आकृति की सफलता पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और जिलेवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

शेयर करें