ऐप्पल के प्रोडक्ट्स में उछाल, iPhone 18 pro की कीमत बढ़ने की आशंका

ऐप्पल ने अपने कई प्रमुख प्रोडक्ट्स, जिनमें आईपैड और मैकबुक शामिल हैं, की कीमतों में बढ़ोतरी कर ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी के इस कदम के बाद अब माना जा रहा है कि आने वाले iPhone 18 सीरीज के स्मार्टफोन भी पहले के मुकाबले अधिक कीमत पर लॉन्च हो सकते हैं।

बाजार विश्लेषकों के अनुसार, मेमोरी चिप्स की कमी और बढ़ती उत्पादन लागत के कारण नए आईफोन की कीमतों में इजाफा लगभग तय माना जा रहा है। मार्केट रिसर्च फर्म IDC ने पहले अनुमान लगाया था कि iPhone 18 की कीमत करीब 50 डॉलर (लगभग 4,700 रुपये) और iPhone 18 Pro मॉडल की कीमत करीब 100 डॉलर (लगभग 9,400 रुपये) तक बढ़ सकती है।

हालांकि, ऐप्पल द्वारा हाल ही में अन्य प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ाए जाने के बाद IDC ने अपना अनुमान संशोधित किया है। फर्म की सीनियर डायरेक्टर (डेटा एवं एनालिटिक्स) नबिला पोपल के मुताबिक, iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की कीमत में करीब 200 डॉलर (करीब 19,000 रुपये) तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

यदि यह अनुमान सही साबित होता है, तो अमेरिका में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,299 डॉलर (करीब 1.22 लाख रुपये) और iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत 1,399 डॉलर (करीब 1.32 लाख रुपये) हो सकती है। भारत में आयात शुल्क और टैक्स के कारण इन मॉडलों की कीमत अमेरिकी बाजार की तुलना में और अधिक रहने की संभावना है।