मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें कथित तौर पर लॉरेंस गैंग की ओर से 20 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने वाला एक ऑडियो संदेश भेजा गया है। धमकी में कहा गया है कि यदि तय रकम नहीं दी गई तो इस बार निशाना सीधे रोहित शेट्टी होंगे। मामले की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह रोहित शेट्टी के स्टाफ को करीब 90 सेकंड का एक ऑडियो क्लिप मिला। प्रारंभिक जांच में यह आवाज लॉरेंस गैंग के कथित सदस्य शुभम लोणकर की बताई जा रही है।
शुभम लोणकर नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और फरवरी 2026 में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पहले से वांटेड है।
मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, ऑडियो क्लिप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। जुहू पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ऑडियो किस माध्यम से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
गौरतलब है कि 31 जनवरी की रात रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर बाइक सवार हमलावर ने पांच राउंड फायरिंग की थी। उस हमले की जिम्मेदारी भी कथित तौर पर लॉरेंस गैंग ने ली थी।
मामले में आरोपी दीपक शर्मा को आगरा से गिरफ्तार किया गया था। बाद में क्राइम ब्रांच ने 1,624 पन्नों की चार्जशीट दाखिल करते हुए 15 लोगों को आरोपी बनाया था, जबकि कुछ आरोपी अब भी फरार हैं।
रोहित शेट्टी की पिछली फिल्म ‘सिंघम अगेन’ बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। वहीं, उनकी अगली फिल्म ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग जारी है। ताजा धमकी के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी किए जाने की संभावना है।
