नई दिल्ली। भारतीय स्मार्टफोन मार्केट में चीनी कंपनी वीवो कई वर्षों से नंबर-1 की पोजिशन पर बनी हुई है। लेकिन बीते कुछ महीने अच्छे नहीं रहे हैं। काउंटरपॉइंट की रिपोर्ट से पता चला है कि वीवो अभी भी 18 फीसदी मार्केट शेयर के साथ भारत में नंबर-1 है लेकिन बजट सीरीज (Y और T सीरीज) के दाम बढ़ने से इसकी बिक्री में दो अंकों की गिरावट आई है। वीवो का मार्केट शेयर 2025 की दूसरी तिमाही में 19.2 प्रतिशत था जो अब 17.8% रह गया है।
वीवो के सब ब्रैंड आईकू का मार्केट शेयर इसी अवधि में 4.4 प्रतिशत से गिरकर 1.7 प्रतिशत पर आ गया है। इस दौरान अन्य ब्रैंड्स जैसे- सैमसंग, वीवो, नथिंग आदि ने ग्रोथ हासिल की है। इससे यह संकेत मिलते हैं कि स्मार्टफोन्स को महंगा करने से वीवो अधिक प्रभावित हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, साल 2026 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) में भारत में स्मार्टफोन की कुल सप्लाई (Shipments) में 10% की भारी गिरावट आई है। यह पिछले 6 साल में जून तिमाही के दौरान सबसे बड़ी गिरावट है। इसका मुख्य कारण मोबाइल में लगने वाली मेमोरी चिप की कीमतों का रिकॉर्ड तोड़ महंगा होना है, जिसकी वजह से कंपनियों को फोन के दाम बढ़ाने पड़े और लोगों ने नए फोन खरीदना कम कर दिया।
मोबाइल पार्ट्स और मेमोरी की लागत बढ़ने के कारण लगभग हर बड़ी कंपनी ने फोन के दाम कई बार बढ़ाए। जून के अंत तक स्मार्टफोन की औसत कीमतें करीब 15% तक बढ़ गईं।
15,000 से कम कीमत वाले बजट स्मार्टफोन्स पर इसकी सबसे बुरी मार पड़ी और इसकी बिक्री में 45% की भारी गिरावट आई। ज्यादातर चीनी ब्रांड्स सस्ते और मिड-रेंज फोन अधिक बेचते हैं, इसलिए साल 2020 के बाद से भारतीय बाजार में चीनी ब्रांड्स की हिस्सेदारी अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है।
45,000 से महंगे फोन खरीदने वालों पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा है। आसान किस्तों की सुविधा के कारण लोग महंगे फोन अभी भी खरीद रहे हैं। अब आधे से ज्यादा मोबाइल फाइनेंस पर बिक रहे हैं।
मुश्किल हालात में भी सैमसंग-ओपो मजबूत
रिपोर्ट से पता चलता है कि मुश्किल हालात में भी सैमसंग और ओपो मजबूत हैं। टॉप 5 कंपनियों में सैमसंग इकलौती ऐसी कंपनी रही जिसने 2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की है। कंपनी की Galaxy A सीरीज और प्रीमियम S25/S26 सीरीज की अच्छी मांग रही। सैमसंग अब वीवो के करीब पहुंच गई है। वहीं, ओपो 14% मार्केट शेयर के साथ तीसरे नंबर पर है। 20 हजार से ऊपर वाले सेगमेंट में इसकी A6 और K14 सीरीज की अच्छी बिक्री हुई है।
ऐपल की सेल में गिरावट लेकिन वजह कुछ और
रिपोर्ट के अनुसार, ऐपल की सेल में 3 प्रतिशत की मामूली गिरावट आई और इसका मार्केट शेयर 7% रहा। आईफोन 17 की डिमांग मार्केट में बहुत है, लेकिन स्टॉक की कमी के कारण कंपनी मांग पूरी नहीं कर पाई।
नथिंग और गूगल ने चौंकाया
कार्ल पेई के ब्रैंड नथिंग ने चौंकाया है। कंपनी ने 105 प्रतिशत की बढ़त हासिल की। वहीं, 45 हजार से ऊपर वाले महंगे सेगमेंट में गूगल पिक्सेल 68 प्रतिशत की ग्रोथ के साथ उभरा है। कंपनी ने ऑफलाइन स्टोर्स में अपनी मौजूदगी बढ़ाई और कीमतें स्थिर रखीं जिसका उसे फायदा हुआ।
