iPhone के 20 साल पूरे, कंपनी के नये माडॅल लॉन्चिंग से पहले लीक ​हुए डिजाइन

साल 2027 में iPhone के बाजार में आने के 20 साल पूरे होने जा रहे हैं। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए Apple अपने अपकमिंग प्रो मॉडल में अब तक का सबसे बड़ा डिजाइन बदलाव कर सकती है। हालांकि इसकी लॉन्चिंग में अभी काफी वक्त है, लेकिन टेक जगत में इसके संभावित नाम और फीचर्स को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इस एनिवर्सरी मॉडल को iPhone 20 Pro नाम दे सकती है, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है।

चारों तरफ से मुड़ा हुआ (क्वाड-कर्व्ड) ग्लास डिजाइन
लीक रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple पिछले तीन सालों से इस खास मॉडल के डिजाइन पर काम कर रही है और फिलहाल चार अलग-अलग प्रोटोटाइप की टेस्टिंग चल रही है। इनमें से दो मॉडल फ्लैट ग्लास वाले हैं, जबकि बाकी दो में ‘क्वाड-कर्व्ड’ ग्लास डिजाइन दिया जा सकता है। क्वाड-कर्व्ड डिजाइन में फोन का ग्लास चारों किनारों से हल्का मुड़ा हुआ होगा। शुरुआती प्रोटोटाइप में यह कर्व ज्यादा रखा गया था, जिसे बाद में थोड़ा कम किया गया है ताकि फोन की पकड़ और लुक बेहतर हो सके।

लगभग गायब हो जाएंगे स्क्रीन के बॉर्डर
इस नए क्वाड-कर्व्ड डिजाइन की सबसे बड़ी खासियत इसका डिस्प्ले अनुभव होगा। बताया जा रहा है कि फोन के चारों तरफ महज 1mm के बेहद पतले बेजल (स्क्रीन के किनारे का बॉर्डर) दिए जा सकते हैं। ग्लास के किनारों पर कर्व होने की वजह से सामने से देखने पर ये बेजल लगभग नजर नहीं आएंगे और फोन पूरी तरह से ‘बेजल-लेस’ दिखाई देगा। हालांकि, कंपनी इन चार प्रोटोटाइप में से किसे फाइनल करेगी, यह अभी साफ नहीं है।

टाइटेनियम फ्रेम की हो सकती है वापसी
डिजाइन के साथ-साथ फोन के मटेरियल में भी बदलाव की उम्मीद है। चर्चा है कि Apple इस एनिवर्सरी मॉडल में एक बार फिर प्रीमियम और मजबूत टाइटेनियम फ्रेम की वापसी कर सकती है। कंपनी ने इससे पहले iPhone 15 Pro और 16 Pro में टाइटेनियम का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद एल्युमीनियम डिजाइन अपनाया गया। नए फ्रेम का लुक iPhone Air से मिलता-जुलता हो सकता है, लेकिन इसके किनारे पहले से ज्यादा गोल (राउंडेड) होंगे।

फिलहाल Apple की तरफ से iPhone 20 Pro की कीमत, फीचर्स या लॉन्च डेट को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ऐसे में जो ग्राहक इस खास एनिवर्सरी एडिशन का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें 2027 तक का सफर तय करना होगा।