भोपाल में बुधवार को शुरू हुई महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराकर विजयी शुरुआत की। डेब्यू मैच खेल रही पूजा साहू प्लेयर ऑफ द मैच बनीं।
भोपाल में बुधवार से शुरू हुई महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय टीम ने मलेशिया को 4-1 से हराकर जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज किया। बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत के लिए खान मुमताज, कप्तान सलीमा टेटे, पूजा साहू और लालरेमसियामी ने गोल किए। वहीं, टूर्नामेंट के पहले दिन चीन ने थाईलैंड को 7-0 और जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराया।
टूर्नामेंट की शुरुआत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भव्य उद्घाटन समारोह और आतिशबाजी के साथ की। पहले ही दिन तीन मुकाबलों में अलग-अलग अंदाज में टीमों का प्रदर्शन देखने को मिला। भारत ने दो गोल की बढ़त के साथ मुकाबला अपने नाम किया और चीन ने सात गोल की बड़ी जीत दर्ज की। जबकि, जापान को आखिरी मिनट में निर्णायक गोल से सफलता मिली।
यह भी पढ़ें:भोपाल में 96 लाख की अवैध शराब जब्त, 1075 पेटियों से भरा ट्रक पकड़ाया
भारत और मलेशिया के बीच मुकाबले की शुरुआत गोलरहित रही थी। दूसरे क्वार्टर में 19वें मिनट पर नुरामीराह जुल्किफ्ली ने गोल कर मलेशिया को 1-0 से आगे कर दिया। हालांकि, भारतीय टीम ने तुरंत जवाब दिया। 19 मिनट 40 सेकंड पर खान मुमताज ने गोल दागकर स्कोर बराबर कर दिया। तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने मुकाबले पर पकड़ मजबूत कर ली। कप्तान सलीमा टेटे ने 34 मिनट 32 सेकंड और पूजा साहू ने 38 मिनट 50 सेकंड पर गोल करके भारत को 3-1 की बढ़त दिलाई। अंतिम क्वार्टर में 48 मिनट 25 सेकंड पर लालरेमसियामी ने चौथा गोल कर मलेशिया की वापसी की उम्मीद खत्म कर दी।
इस मुकाबले में भारत को 13 पेनल्टी कॉर्नर मिले थे। इनमें से तीन पर गोल हुए थे। टीम ने एक फील्ड गोल भी किया था। मलेशिया को एक भी पेनल्टी कॉर्नर नहीं मिला। भारतीय खिलाड़ी पूजा साहू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनके लिए यह अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में डेब्यू मुकाबला भी था। मैच का एक खास दृश्य मलेशिया की महिला खिलाड़ियों का हिजाब पहनकर मैदान पर उतरना रहा।
पहले दिन चीन ने थाईलैंड के खिलाफ 7-0 की बड़ी जीत दर्ज की। चीन के लिए फेंग किंगमियाओ और डेंग क्यूचान ने दो-दो गोल किए। जबकि, वेई किक्सियाओ, चेन युजुन और झांग हेयांग ने एक-एक गोल किया। वहीं, जापान और दक्षिण कोरिया के बीच मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा। 58 मिनट 59 सेकंड पर सैतो हानामी ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर जापान को 1-0 से जीत दिलाई।
यह भी पढ़ें:जबलपुर में ट्रक ने 5 लोगों को कुचला, ढाबे के बाहर आग ताप रहे 3 लोगों की मौत और 2 घायल
भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमें राउंड रॉबिन आधार पर एक दूसरे के खिलाफ पांच-पांच मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। विश्व रैंकिंग में चीन चौथे स्थान पर है। जबकि, भारत सातवें नंबर पर है। जापान 11वें, दक्षिण कोरिया 15वें, मलेशिया 21वें और थाईलैंड 28वें स्थान पर है। एशियाई रैंकिंग में चीन पहले और भारत दूसरे स्थान पर है।
भारतीय टीम का अगला मुकाबला 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया से होगा। इसके बाद 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से भिड़ंत होगी। मलेशिया के खिलाफ पहला मैच शाम 4:45 बजे खेला गया, जबकि भारत के बाकी लीग मुकाबले शाम 7 बजे होंगे। लीग चरण के मुकाबले 25 नवंबर को खत्म होंगे। 27 नवंबर को पांचवें-छठे स्थान, पहले-चौथे स्थान और दूसरे-तीसरे स्थान की टीमों के बीच पोजिशन मुकाबले खेले जाएंगे। 28 नवंबर को शाम 4:30 बजे ब्रॉन्ज और शाम 7 बजे गोल्ड मेडल के लिए मैच होगा।
इस प्रतियोगिता की मेजबानी भोपाल के लिए भी खास है। शहर में पहली बार महिला हॉकी का अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित हो रहा है। इससे पहले 2009 में यहां वर्ल्ड सीरीज हॉकी का आयोजन हुआ था। ऐशबाग स्टेडियम में कई सालों तक पुरुष हॉकी के राष्ट्रीय टूर्नामेंट भी खेले जाते रहे हैं। भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन है और घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच खिताब बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरी है।
यह भी पढ़ें:सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी मर्डर के आरोपी जीशान अख्तर का जुड़ा नाम
