एयरपोर्ट के T-3 पर जबरन घुसने की कोशिश: CISF जवानों ने दौड़ाकर पकड़ा, सुरक्षाकर्मियों को धक्का देकर भागा था आरोपी

दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को CISF जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पकड़ लिया।

आरोपी बिना जरूरी दस्तावेजों के डिपार्चर गेट से जबरन अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकना चाहा तो वह उन्हें धक्का देकर भागने लगा। इसके बाद जवानों ने पीछा कर कुछ ही सेकंड में उसे दबोच लिया।

धक्का देकर टर्मिनल की ओर भागा

घटना का 25 सेकंड का वीडियो CISF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है। इसमें एक व्यक्ति एयरपोर्ट के एंट्री गेट पर तैनात जवानों को धक्का देकर तेजी से आगे भागता दिखाई दे रहा है।

उसके पीछे CISF के जवान दौड़ लगाते हैं। इस दौरान एक हथियारबंद जवान भी मौके पर पहुंचता है और अपने साथी की मदद से आरोपी को पकड़ने की कोशिश करता है।

आरोपी खुद को छुड़ाकर आगे बढ़ने का प्रयास करता है, लेकिन दूसरे जवान ने उसे दबोच लिया। वह टर्मिनल के भीतर कुछ मीटर तक पहुंच गया था।

QRT ने तुरंत संभाला मोर्चा

CISF के मुताबिक, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) के जवानों ने तेजी से कार्रवाई कर घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी।

जवानों की सतर्कता से संभावित सुरक्षा चूक टल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। CISF की इस कार्रवाई की तारीफ भी हो रही है। आरोपी की पहचान और उसके इस कदम के पीछे की वजह को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।